महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिले सचिन तेंदुलकर, बेटे अर्जुन की शादी का दिया न्योता


मुंबई, 19 फरवरी (आईएएनएस)। टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके घर ‘नंदनवन’ पर खास मुलाकात की। इस मौके पर सचिन की पत्नी अंजलि तेंदुलकर भी उनके साथ नजर आईं। दरअसल, सचिन एकनाथ शिंदे को अपने बेटे अर्जुन की शादी का न्योता देने पहुंचे थे। सचिन ने मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री संग कई मुद्दों पर भी चर्चा की।

एकनाथ शिंदे ने सचिन तेंदुलकर को सरकार के अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के बारे में भी जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने सचिन को शॉल पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें फूलों का गुलदस्ता भी भेंट किया।

सचिन इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी अर्जुन तेंदुलकर की शादी का निमंत्रण देने पहुंचे थे। वहीं, वह राहुल गांधी और अमित शाह को भी अर्जुन की शादी में शामिल होने का न्योता दे चुके हैं। अर्जुन और सानिया चंडोक जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।

अर्जुन और सानिया की सगाई पिछले साल अगस्त में गुपचुप तरीके से हुई थी। रिंग सेरेमनी में सिर्फ परिवार के लोग ही पहुंचे थे। सानिया एक बिजनेस परिवार से आती हैं। सानिया के दादा ग्रेविस ग्रुप के मालिक हैं। अर्जुन फिलहाल घरेलू क्रिकेट में गोवा की तरफ से खेल रहे हैं। आईपीएल 2026 में अर्जुन लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी में नजर आएंगे। अर्जुन को लखनऊ ने मुंबई इंडियंस से ट्रेड करते हुए अपनी टीम में शामिल किया है। अर्जुन के पास इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन में खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगा। अर्जुन बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देने के लिए जाने जाते हैं।

अर्जुन को पिछले सीजन आईपीएल में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। वहीं, आईपीएल 2024 में उन्हें सिर्फ एक मैच में चांस मिला। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अर्जुन अब तक 24 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 685 रन बनाने के साथ-साथ 52 विकेट निकाले हैं। वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में अर्जुन 24 मैचों में 26 विकेट चटकाए हैं।

–आईएएनएस

शुभम/आरएसजी


Show More
Back to top button