तुषार कपूर ने 'तेरा यार हूं मैं' का वीडियो किया पोस्ट, कहा-दिल को छू जाएगी ये लव स्टोरी

मुंबई, 19 फरवरी (आईएएनएस)। सोशल मीडिया आज फिल्मों के प्रचार का सबसे मजबूत जरिया बन चुका है और बॉलीवुड सितारे भी इसका खुलकर इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी कड़ी में अभिनेता तुषार कपूर ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए एक खास वीडियो शेयर किया। यह निर्देशक मिलाप मिलन जावेरी की फिल्म ‘तेरा यार हूं मैं’ का अनाउंसमेंट वीडियो है।
तुषार कपूर के इस वीडियो में फिल्म की रिलीज डेट का भी खुलासा किया गया। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, “प्यार, दर्द और शानदार म्यूजिक के लिए तैयार हो जाएं।” यह फिल्म 22 मई 2026 को सिनेमाघरों में आ रही है।
उन्होंने कैप्शन में आगे मुख्य कलाकारों को इंट्रोड्यूस कराया और लिखा, “मिलिए अमन इंद्र कुमार और आकांक्षा शर्मा से, जो रोमांचक लव स्टोरी के जरिए बड़े पर्दे पर छा जाने के लिए तैयार हैं।”
तुषार कपूर ने भरोसा जताया कि यह फिल्म दर्शकों के दिल को छूने वाली है। उनके इंस्टाग्राम पर वीडियो आते ही फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। हर कोई फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहा है।
‘तेरा यार हूं मैं’ को लेकर पहले ही दर्शकों में चर्चा बनी हुई थी, लेकिन तुषार कपूर के इस पोस्ट ने चर्चा को और तेज कर दिया है। फिल्म में दो नए चेहरे यानी अमन इंद्र कुमार और आकांक्षा शर्मा के अलावा, दिग्गज अभिनेता परेश रावल भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
निर्देशक मिलाप मिलन ज़वेरी इससे पहले भी रोमांटिक और इमोशनल कहानियों के लिए जाने जाते रहे हैं। हाल ही में उनकी फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया था। वह साल 2025 की चर्चित फिल्मों में से एक रही।
‘तेरा यार हूं मैं’ फिल्म को अजय मुरदिया प्रस्तुत कर रहे हैं और इसे कैमरा टेक फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है।
–आईएएनएस
पीके/वीसी