आकिब नबी: जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचाने वाला नायक

नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने बुधवार को इतिहास रचा। जम्मू-कश्मीर की टीम ने पश्चिम बंगाल के कल्याणी स्थित बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में खेले गए सेमीफाइनल में बंगाल जैसी मजबूत टीम को 6 विकेट से हराकर पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की है।
जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी के फाइनल तक के सफर में वैसे तो टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही है, लेकिन दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी टीम के लिए नायक बनकर उभरे हैं।
आकिब नबी ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर को जीत दिलायी और पहली बार फाइनल का टिकट दिलाया। वह दोनों ही मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर का क्वार्टर फाइनल मुकाबला मध्यप्रदेश के खिलाफ खेला गया था। इस मैच को जम्मू-कश्मीर ने 56 रन से जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी। आकिब नबी ने टीम के लिए पहली पारी में 40 रन देकर 7, तो दूसरी पारी में 70 रन देकर 5 विकेट लिए थे।
सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर का मुकाबला मजबूत बंगाल क्रिकेट टीम के साथ था। बंगाल की टीम के सामने जम्मू-कश्मीर मजबूती से उभरी और 6 विकेट से जीत हासिल कर पहली बार फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के हीरो भी आकिब नबी रहे।
फाइनल में आकिब ने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी अमूल्य योगदान दिया। पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 4 सहित कुल 9 विकेट लेने वाले अकिब ने पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान 42 रन की पारी खेली थी। उनके इसी प्रदर्शन के दम पर जम्मू-कश्मीर ने बंगाल को हराकर फाइनल में जगह बनाई। नबी को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
फाइनल में भी आकिब नबी के प्रदर्शन पर न सिर्फ जम्मू-कश्मीर क्रिकेट फैंस बल्कि भारतीय टीम के चयनकर्ताओं की भी नजर रहेगी। 29 साल के आकिब नबी 2020 में जम्मू-कश्मीर के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था। आकिब को आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ में साइन किया है।
–आईएएनएस
पीएके