पाकिस्तान पहली पारी में ही हार गया था: वकार यूनिस
नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वकार यूनिस ने रविवार को कोलंबो में टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज मैच में भारत के हाथों पाकिस्तान की हार पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि भारत के 175 रन बनाने के बाद कहीं न कहीं पाकिस्तान की हार तय हो गई थी।
मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए वकार यूनिस ने पाकिस्तान द्वारा की गई गलतियों का जिक्र भी किया।
यूनिस ने कहा, “पाकिस्तान पहली पारी में मैच हार गया था। 175 रन पाकिस्तान की पहुंच से बाहर थे। अगर भारत ने 175 के बजाय 140 या 150 रन बनाए होते, तो पाकिस्तान के लिए चीजें अलग हो सकती थीं। हम हमेशा से जानते थे कि पाकिस्तान की बैटिंग अच्छी नहीं है।”
उन्होंने कहा, “गेंद घूम रही थी, और सूर्यकुमार यादव ने गेंदबाजी में स्मार्ट बदलाव किए। उन्होंने नई बॉल हार्दिक पांड्या को दी। जसप्रीत बुमराह हमेशा की तरह शानदार थे, स्टंप्स पर अटैक कर रहे थे, गेंद को स्विंग और सीम कर रहे थे। उसके बाद पाकिस्तान के लिए बहुत मुश्किल हो गई। जब आप देखते हैं कि पाकिस्तानी बॉलर्स को कितनी स्पिन मिली, तो मुझे नहीं लगता कि उन्होंने उसका उतना अच्छा इस्तेमाल किया जितना इंडिया ने किया।”
यूनिस ने कहा, “सलमान अली आगा ने उस्मान तारिक को जल्दी गेंद न देकर गलती की। तारिक शानदार थे। उन्होंने एक विकेट लिया और सिर्फ 24 रन दिए। हम उनके बारे में बात लंबे समय से कर रहे थे, लेकिन उन्हें बहुत देर तक रोके रखा गया। जब तक उन्हें गेंद मिली, ईशान किशन पहले ही नुकसान कर चुके थे। गेंदबाजों का सही इस्तेमाल आगा नहीं कर पाए।”
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम ने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के 40 गेंदों पर बनाए गए विस्फोटक 77 रन, सूर्यकुमार यादव के 32, शिवम दुबे के 27, और तिलक वर्मा के 25 रन की मदद से 7 विकेट पर 175 रन बनाए थे। पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 पर सिमट गई। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट लिए। ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
–आईएएनएस
पीएके