बढ़ाया 10 किलो वजन और बालों को किया कम, 'निकम' की शूटिंग के लिए राजकुमार राव ने ऐसे किया ट्रांसफॉर्मेशन

मुंबई, 16 फरवरी (आईएएनएस)। मुंबई 26/11, गुलशन कुमार हत्याकांड, और बॉम्बे बम धमाके समेत कई हाई प्रोफाइल मामलों को लड़ने वाले प्रतिष्ठित वकील उज्ज्वल निकम की बायोपिक में बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव दिखने वाले हैं।
अभिनेता ने हर बार अपनी कला और प्रतिभा से फैंस का दिल जीता है। उज्ज्वल निकम की बायोपिक में ढलने के लिए राव ने वो सब किया, जो उनके स्वास्थ्य के लिए बिल्कुल ठीक नहीं था।
राजकुमार राव ने बायोपिक ‘निकम’ की शूटिंग पूरी कर ली है और बायोपिक में हाइप्रोफाइल मेकअप से लुक को परफेक्ट बनाने की जगह असल में डाइट से शारीरिक बदलाव किए हैं। उन्होंने किरदार में ढलने के लिए 9-10 किलो वजन बढ़ाया और शूटिंग के दौरान रोजाना 2 पिज्जा, ढेर सारी मिठाइयां, पसंदीदा आलू पराठे और बिरयानी खाई। इतना ही नहीं, उन्होंने बूढ़ा दिखने के लिए और बालों को पतला करने के लिए अपने हेयर स्टाइलिस्ट की मदद ली, जोकि खुद इस काम के खिलाफ था।
अभिनेता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने किरदार को परफेक्ट और पूरा करने के लिए कितनी मेहनत की। उन्होंने लिखा, ‘निकम मुझे शारीरिक रूप से बदलाव करने पड़े, जो मुझे बहुत पसंद हैं। मैं प्रोस्थेटिक का इस्तेमाल करने में विश्वास नहीं करता, जब तक कि मैं अपनी मेहनत से मनचाहा लुक हासिल कर सकूं, चाहे वह वजन बढ़ाना हो, बूढ़ा दिखना हो, या अपने बालों को पतला करना, जिसका मेरे हेयर स्टाइलिस्ट ने सख्त विरोध किया था।
उन्होंने बताया कि सीरीज ‘बोस’ और ‘श्रीकांत’ के लिए भी वो सब किया, जिसका उनकी टीम ने विरोध किया था। बोस की शूटिंग के वक्त वजन न बढ़ाने और आधा गंजा होने के लिए भी मना किया गया था और फिल्म श्रीकांत के वक्त भी अभिनेता बिना शूटिंग के बंद कमरे में नेत्रहीन व्यक्ति की तरह बर्ताव करते थे, जिससे उनके किरदार और निखर सकें।
अभिनेता ने पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने किरदार के अनुरूप दिखने के लिए किसी भी तरह के ग्लैमरस मेकअप का इस्तेमाल नहीं किया। राजकुमार को उम्मीद है कि उनकी मेहनत स्क्रीन पर दर्शकों को पसंद आएगी। बता दें कि अब ‘निकम’ की शूटिंग पूरी करने के बाद राजकुमार ने सौरभ गांगुली की बायोपिक की शूटिंग शुरू कर दी है, लेकिन उससे पहले थोड़ा वजन भी कम कर रहे हैं।
–आईएएनएस
पीएस/एएस