मैं प्रेडिक्टेबल नहीं होने की कोशिश करता हूं: जेसन होल्डर


मुंबई, 15 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज और नेपाल के बीच खेला गया। जेसन होल्डर की दमदार गेंदबाजी के दम पर वेस्टइंडीज ने नेपाल के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की। 4 विकेट लेने वाले होल्डर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच के बाद होल्डर ने कहा, “यह एक अलग मैच था। मुझे लगा कि गेंद ने अच्छा काम किया। गेंद की लाइन से हिट करना थोड़ा मुश्किल था। हम थोड़ी मूवमेंट भी कर पाए जो जरूरी था। हमारे गेंदबाजों ने भी आगे की तरफ बहुत कसी हुई गेंदबाजी की।”

उन्होंने कहा, “अच्छी गेंदबाजी का श्रेय सिर्फ मुझे ही नहीं, बल्कि मैथ्यू फोर्ड को भी जाता है। मैथ्यू ने हमारे लिए अच्छी जमीन तैयार की और एक शानदार स्पेल किया। फिर हम वहां से एडजस्ट कर पाए।”

अपनी गेंदबाजी पर उन्होंने कहा, “यह कुछ ऐसा है जिसका मैं कुछ समय से अभ्यास कर रहा हूं। मैं बस खुश हूं कि कभी-कभी राउंड द विकेट भी गेंदबाजी कर लेता हूं। मैं एंगल बदलने की कोशिश करता हूं। साथ ही बहुत ज्यादा प्रेडिक्टेबल नहीं होने की कोशिश करता हूं।”

होल्डर ने कहा, “मेरी एक खास भूमिका साफ तौर पर खिलाड़ियों की ज्यादा से ज्यादा मदद करना है, खासकर दबाव के क्षणों में। मैं ज्यादा से ज्यादा जानकारी शेयर करने की कोशिश करता हूं। मुझे सब कुछ नहीं पता, लेकिन मेरा मतलब है, मैंने इतना क्रिकेट खेला है कि मैं कुछ और जानकारी दे सकता हूं।”

मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 133 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के लिए होल्डर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए थे। वेस्टइंडीज ने 15.2 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीता। शाई होप 44 गेंद पर 61 और शिमरोन हेटमायर 32 गेंद पर 46 रन बनाकर नाबाद रहे। ब्रैंडन किंग 22 रन बनाकर आउट हुए थे।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button