अमित शाह ने राहुल को दी किसी भी मंच पर आने की चुनौती, कहा- बहस कर लें, किसानों का नुकसान किसने किया


गांधीनगर, 15 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में भारत की पहली सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर जमकर प्रहार किया और यूएस ट्रेड डील पर देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं कि यूरोपीय यूनियन, इंग्लैंड के साथ एफटीए और अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील में पीएम मोदी ने किसानों के हित को नुकसान पहुंचाया है। मैं राहुल गांधी को चैलेंज देना चाहता हूं, कोई भी मंच तय कर लीजिए, भाजपा के युवा मोर्चा का अध्यक्ष आकर बहस कर लेगा कि किसानों का नुकसान किसने किया है।

उन्होंने कहा कि मैं देश के किसानों से कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं और आपको गुमराह कर रहे हैं। इंग्लैंड और यूरोपीय यूनियन के साथ हुए एफटीए और अमेरिका से हुई ट्रेड डील में पीएम मोदी ने किसानों के हितों की सुरक्षा की है। तीनों समझौतों में डेयरी क्षेत्र को भी पूरी तरह सुरक्षा देने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। इसके माध्यम से हमारे कृषि उत्पाद और मत्स्य उत्पादों को दुनिया के बाजार में पहुंचाने का रास्ता भी खोला है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं फिर से एक बार भारत के मछुआरों, पशुपालकों और किसानों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी भी आपके हितों के साथ समझौता नहीं किया है, न ही कर सकते हैं, यह असंभव है। यह काम तो मनमोहन सिंह की सरकार ने डंकल प्रस्ताव पर साइन करके किया था। देश की जनता ने 2014 में कांग्रेस को टाटा बाय-बाय कर दिया, पीएम मोदी आए और उस समझौते को बदल दिया। मनमोहन सरकार ने पूरे विश्व के लिए भारत का कृषि बाज़ार खोल दिया था। आज पीएम मोदी किसानों की सुरक्षा के लिए चट्टान की तरह खड़े हैं।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने 70 साल में एक बार कर्जमाफी का झुनझुना पकड़ाकर किसानों को गुमराह किया। पीएम मोदी ने 10 साल से 6,000 रुपए प्रति वर्ष देकर किसानों को लोन लेने की नौबत ही न आए, ऐसी व्यवस्था की। कांग्रेस का नेतृत्व हमेशा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करता रहा है। कांग्रेस के ‘शहजादे’ राहुल गांधी संसद में किसानों की बात करते हैं। आपने किसानों का कितना अनाज खरीदा था? 10 साल यूपीए सरकार के और 10 साल मोदी सरकार की तुलना करें तो हमने आपसे 15 गुना अधिक अनाज किसानों का एमएसपी पर खरीदा है।

–आईएएनएस

एसके/एएस


Show More
Back to top button