छत्तीसगढ़ में पंच चुनाव की रंजिश में ली जान: डाढाखार में 55 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार, 14 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम डाढाखार से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। 55 वर्षीय इतवारी राम पैकरा की पुरानी रंजिश और पंच चुनाव के दौरान वोट नहीं देने की बात को लेकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
आरोपी नरेश पैकरा ने लकड़ी के डंडे से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी जान ले ली। घटना के समय आरोपी ने गवाहों को भी जान से मारने की धमकी दी, जिसके कारण लंबे समय तक मामला उजागर नहीं हो पाया।
मामला 7 अप्रैल 2025 से शुरू हुआ, जब इतवारी राम पैकरा को गंभीर सिर की चोट के कारण जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 8 अप्रैल 2025 को उनकी मृत्यु हो गई। प्रारंभ में यह मामूली चोट का मामला लगा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतक की मौत किसी ठोस वस्तु से गंभीर वार के कारण हुई। इसके बाद हत्या का प्रकरण थाना कसडोल में दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। प्रारंभ में गवाह डर के कारण खुलकर बयान नहीं दे सके। बाद में पता चला कि आरोपी ने घटना के बाद गवाहों को धमकाया था।
पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी नरेश पैकरा और मृतक इतवारी राम पैकरा के बीच पुरानी रंजिश थी। पंच चुनाव के दौरान वोट नहीं देने की बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने लकड़ी के डंडे से सिर पर वार कर हत्या कर दी।
सभी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी नरेश पैकरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि उसने गुस्से और रंजिश में यह वार किया और गवाहों को डराया।
पुलिस ने कहा कि मामले में अदालत में ठोस पैरवी की जाएगी और दोषी को कठोर सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विवाद सुलझाया गया होता, तो यह जानलेवा घटना नहीं होती।
–आईएएनएस
एएमटी/डीएससी