टी20 वर्ल्ड कप: स्कॉटलैंड के खिलाफ जीत, इंग्लिश कप्तान ने बैंटन के साथ गेंदबाजों को सराहा


कोलकाता, 14 फरवरी (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने शनिवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 23वें मुकाबले में 5 विकेट से जीत हासिल की। कप्तान हैरी ब्रूक ने दो जरूरी पॉइंट्स हासिल करने पर राहत जताते हुए जोफ्रा आर्चर के तेज स्पेल, नंबर 4 पर टॉम बैंटन की मैच जिताऊ पारी और शुरुआत में लड़खड़ाने के बाद मिडिल-ऑर्डर के धैर्य को सराहा है।

टॉम बैंटन के नाबाद 63 और जैकब बेथेल के 32 रन की मदद से इंग्लैंड ने 10 बॉल बाकी रहते स्कॉटलैंड को पांच विकेट से हरा दिया था।

मैच के बाद कप्तान ब्रूक ने कहा, “मुझे खुशी है कि हम जीत गए। हम इससे बहुत खुश थे। उन्होंने पहले कुछ स्पेल में हमारे स्पिनर्स के खिलाफ फिर से बहुत अच्छी बैटिंग की और एक समय हमसे आगे थे, लेकिन हम मैच को वापस अपने पक्ष में रखने में कामयाब रहे।”

इंग्लैंड के बॉलर्स ने शुरुआती अटैक का सामना करने के बाद स्कॉटलैंड को 152/9 पर समेट दिया था। जोफ्रा आर्चर (24 रन देकर 2 विकेट) के साथ शानदार फॉर्म में लौटे, उन्होंने मुश्किल लेंथ पर बॉलिंग की जिससे बैट्समैन परेशान हो गए। आर्चर ने पारी की शुरुआत में ही जॉर्ज मुन्से को आउट कर दिया और फिर ब्रैंडन मैकमुलेन को तेज बाउंसर से आउट किया।

आर्चर की तारीफ करते हुए ब्रूक ने कहा, “वह इस मुकाबले में खूबसूरती से लेंथ पर बॉलिंग कर रहे थे। उन्होंने अपनी लाइन और लेंथ को परफेक्ट बनाया और फिर से अच्छी स्किल्स के साथ बॉलिंग की।”

इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही, फिल सॉल्ट और जोस बटलर शुरुआती 2 ओवरों में ही पवेलियन लौट गए थे। स्कॉटलैंड के ओपनिंग बॉलर (ब्रैड करी और रिची मैकमुलेन) शुरुआती 6 ओवरों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, जिससे इंग्लैंड दबाव में था।

जब जैकब बेथेल और टॉम बैंटन ने तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की, तो मैच इंग्लैंड की तरफ झुक गया। बेथेल (32) आउट हो गए, और कुछ ही देर में, हैरी ब्रूक सिर्फ 4 रन बनाकर डगआउट में वापस लौट गए। इसके बाद बैंटन ने रन चेज में दबदबा बनाया। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में 50 रन बनाए और सैम करन ने उनका अच्छा साथ दिया। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 33 गेंदों पर 46 रन जोड़े।

बैंटन की पारी पर हैरी ब्रूक ने कहा, “वह शानदार खेले। यही वजह है कि वह नंबर चार पर इतनी सहजता से फिट हुए और आज जिस तरह से उन्होंने स्पिनर्स पर दबाव बनाया, वह देखने लायक था। उनकी रणनीति काम आई और वह इसके पूरे हकदार हैं। उन्होंने बेहतरीन क्रिकेट खेला है। मुझे हमेशा अपने मिडिल ऑर्डर पर भरोसा रहा है। हमें पता था कि पिच अच्छी रहने वाली है और ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इस आउटफील्ड के साथ भी हमें मालूम था कि बेवजह जोखिम लेने की जरूरत नहीं है, बस गैप में शॉट खेलते रहो और जब मौका मिले, तो छक्का लगाने की कोशिश करो। टॉम बैंटन ने इसे खूबसूरती से अंजाम दिया और सैम करन की छोटी लेकिन प्रभावी पारी भी शानदार रही।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button