भाजपा का दीनदयाल प्रशिक्षण अभियान लॉन्च, प्रदेश से बूथ तक चलेगा संगठन सशक्तिकरण अभियान


लखनऊ, 14 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के तहत संगठन को बूथ स्तर तक वैचारिक और संरचनात्मक रूप से मजबूत करने का बिगुल फूंक दिया है।

राजधानी लखनऊ स्थित बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित प्रदेश कार्यशाला में पार्टी नेतृत्व ने इसे कार्यकर्ता निर्माण की ऐतिहासिक पहल बताते हुए अंत्योदय, एकात्म मानववाद और राष्ट्र प्रथम की भावना को अभियान का मूल आधार घोषित किया।

पार्टी ने तय किया है कि प्रशिक्षण वर्ग बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश स्तर पर तीन दिवसीय, जिला स्तर पर दो दिवसीय, मंडल स्तर पर 24 घंटे तथा बूथ स्तर पर दो सत्रों में प्रशिक्षण आयोजित होगा। प्रदेश कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रशिक्षण अभियान के राष्ट्रीय सहसंयोजक ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता को तराशने की सतत प्रक्रिया है। “जो सीखता है, वही बढ़ता है; जो सीखना बंद कर देता है, वह बढ़ना भी बंद कर देता है।”

उन्होंने इसे संगठन सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और ‘एकात्म मानववाद’ का दर्शन भाजपा की कार्यसंस्कृति की आधारशिला है।

पंकज चौधरी ने कहा कि यह महाअभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित और सेवा भाव से ओत-प्रोत बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का ‘एक देश, एक विधान’ का मंत्र और पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘एकात्म मानववाद’ भाजपा की राजनीति को सत्ता केंद्रित नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति केंद्रित बनाता है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रशिक्षित और सक्रिय बूथ कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। यह महाअभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की सतत प्रक्रिया है, जो संगठनात्मक एकजुटता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा देगी। प्रदेश संयोजक और सहसंयोजकों की घोषणा अभियान के लिए अनूप गुप्ता को प्रदेश संयोजक बनाया गया है। सहसंयोजकों में बृज बहादुर, त्रयम्बक त्रिपाठी, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विभाग/प्रकोष्ठ संयोजक ओमप्रकाश श्रीवास्तव, प्रदेश मंत्री मीना चौबे और सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक अंकित सिंह चंदेल शामिल हैं।

–आईएएनएस

विकेटी/डीएससी


Show More
Back to top button