पाकिस्तानी कप्तान ने उस्मान तारिक को बताया 'ट्रंप कार्ड', बॉलिंग एक्शन पर कही ये बात
कोलंबो, 14 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी टीम रविवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत का सामना करेगी, जिससे पहले कप्तान सलमान आगा ने उस्मान तारिक को ‘ट्रंप कार्ड’ बताया है। उस्मान अपने बॉलिंग एक्शन की वजह से इस विश्व कप में काफी चर्चा में हैं।
तारिक के बॉलिंग स्टाइल की वैधता पर सवाल उठ रहे हैं, खासकर उनके डिलीवरी स्ट्राइड में रुकावट, जिसमें वह गेंद को बहुत ज्यादा देरी से रिलीज करने से पहले अपने लैंडिंग फुट को हवा में रखते हैं।
भारत के विरुद्ध मुकाबले से पहले आगा ने स्पिनर के एक्शन पर हो रही सभी जांच पर पलटवार करते हुए कहा कि आईसीसी उनकी गेंदबाजी को पहले ही दो बार क्लियर कर चुका है, तो फिर इस बारे में इतनी चर्चा क्यों हो रही है?
आगा ने शनिवार को मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से कहा, “हमारे लिए सभी खिलाड़ी बराबर हैं। आप लोगों ने उस्मान तारिक को इतना बड़ा बनाया है। वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। वह हमारे ट्रंप कार्ड हैं। उस्मान को आईसीसी ने दो बार क्लीन चिट दी है। मुझे नहीं पता कि उनके एक्शन के बारे में बात क्यों हो रही है। उन्हें इन सब बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता।”
कप्तान आगा ने अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम को लेकर कहा, “बाबर आजम हमारे लिए चिंता का विषय नहीं हैं। वह रन बना रहे हैं। उम्मीद है कि वह रविवार को भी रन बनाकर हमारी मदद करेंगे। हम बैटिंग पोजीशन में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहते।”
पाकिस्तानी कप्तान ने माना कि वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ टीम का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा, “हम इतिहास नहीं बदल सकते। वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन हम बेहतर प्रदर्शन की कोशिश करेंगे।”
टी20 वर्ल्ड कप में अब तक भारत और पाकिस्तान 8 बार आमने-सामने रहे हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 7 मुकाबले अपने नाम किए, जबकि पाकिस्तान ने साल 2021 में इकलौता मुकाबला जीता।
–आईएएनएस
आरएसजी