उत्तर-पूर्व में वायुसेना को हाइवे पर मिलेगी पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी, पीएम मोदी खुद करेंगे सी-130जे से लैंड

नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। वायुसेना की ताकत में लगातार इजाफा किया जा रहा है। एयरफोर्स के जितने भी एडवांस लैंडिंग ग्राउंड हैं, उन्हें पूरी तरह से अपग्रेड करके एक्टिव किया जा चुका है। साथ ही इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी का निर्माण भी जोरों पर है। उसी कड़ी में पूर्वोत्तर का पहला इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी बनकर तैयार है।
असम में डिब्रूगढ़ के मोरान इलाके के हाइवे पर बनाई गई इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी का उद्घाटन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को करेंगे।
खास बात यह है कि पीएम मोदी खुद एयरफोर्स के सी-130जे से इस इमरजेंसी एयर स्ट्रिप पर लैंड करने वाले हैं। इससे पहले 16 नवंबर 2021 को पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बनी एयर स्ट्रिप के उद्घाटन के वक्त भी खुद सी-130जे सुपर हरक्यूलिस के जरिए इस एयर स्ट्रिप पर लैंड किया था। फाइनल डे की तैयारी को पूरा किया जा चुका है। 12 फरवरी को इसकी फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। सबसे पहले एक राफेल और एक सुखोई 30 ने नेशनल हाईवे नंबर 2 पर 4.2 किलोमीटर लंबे इस स्ट्रिप पर लैंड किया। एयरफोर्स का एक डॉर्नियर एयरक्राफ्ट ने इसी स्ट्रिप से टेकऑफ लिया। उसके बाद सी-130जे की लैंडिंग हुई। इसके बाद सुखोई और राफेल के टेकऑफ का सिलसिला शुरू हुआ।
फुल ड्रेस रिहर्सल के फ्लाइ पास्ट में पहले 3 सुखोई मंच के सामने से होकर गुजरे, फिर एक-एक कर टच एंड गो यानी कि रनवे को टच कर के निकले। इसके बाद तीन राफेल ने भी इसी तरह के फार्मेशन ड्रिल को अंजाम दिया। भारतीय वायुसेना के ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट एएन 32 ने भी टच एंड गो ड्रिल को अंजाम दिया। इसके बाद वायुसेना के दो-दो एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर ध्रुव हेलीकॉप्टर के जरिए कैज़ुअलटी इवैक्यूएशन ड्रिल को अंजाम दिया।
भविष्य की टू-फ्रंट वार की संभावनाओं के मद्देनजर एयरफोर्स अपनी तैयारियों को तेज किए हुए है। इसी कड़ी में देश के अलग-अलग हिस्सों में हाइवे पर इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी के निर्माण को तेज किया गया है। केंद्र सरकार, सड़क एवं परिवहन मंत्रालय और एयरफोर्स की मदद से हाइवे पर इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी, या कहें लैंडिंग स्ट्रिप, तैयार करने में जुटी है।
संसद में दिए गए सवाल के जवाब में सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि भारतीय वायुसेना ने देश भर के अलग-अलग हिस्सों में 28 इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी को चुना था, जिनमें असम में 5, पश्चिम बंगाल में 4, राजस्थान, आंध्र प्रदेश और गुजरात में 3-3, तमिलनाडु, बिहार, जम्मू कश्मीर और हरियाणा में 2-2, पंजाब और उत्तर प्रदेश में 1-1 शामिल हैं। यह ईएलएफ नेशनल हाइवे पर बनाए जा रहे हैं। इन 28 ईएलएफ में से कई बनकर तैयार हो गए हैं, जिन्हें आधिकारिक तौर पर उद्घाटन किया जा चुका है। नेशनल हाईवे के साथ-साथ स्टेट हाईवे पर राज्य सरकार भी इनका निर्माण कर रही है।
–आईएएनएस
एसके/डीकेपी