सीएम योगी राजनीतिक फायदे लिए 'कयामत तक मस्जिद नहीं बनने' का बयान दे रहे : हुमायूं कबीर


मुर्शिदाबाद, 10 फरवरी (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर ने 10 फरवरी को बाबरी मस्जिद की नींव रखने का दावा किया। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कयामत तक मस्जिद नहीं बनने का बयान दिया है, जिसपर मंगलवार को हुमायूं कबीर ने पलटवार किया।

हुमायूं कबीर ने आईएएनएस से बात करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘कयामत तक मस्जिद नहीं बनने’ के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “योगी राजनीतिक फायदे के लिए ऐसा बयान दे रहे हैं।”

उन्होंने बताया, “बुधवार से मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। अल्लाह मेरे सपने को पूरा करने वाला है। मैं इसके लिए लाखों लोगों का शुक्रिया अदा कर रहा हूं। कल के कार्यक्रम में करीब 2 से 4 लाख लोगों के आने की उम्मीद है। बंगाल के सभी जिलों के साथ-साथ बाहर से भी लोग आएंगे।”

हुमायूं कबीर ने कहा, “मैं यहां के मुसलमानों को शांत माहौल रखने की अपील करता हूं। किसी को दुख पहुंचाना मेरा इरादा नहीं है। मैं शांति की प्रार्थना कर रहा हूं। मेरा मस्जिद बनाने का पहले से इरादा नहीं था, लेकिन जब इतने ज्यादा लोगों का समर्थन मिलेगा, मुझे इसके बारे में पता नहीं था। लेकिन मैं अल्लाह का शुक्रिया अदा करता हूं कि हुमायूं कबीर नाम का एक नया इतिहास बन चुका है।”

उन्होंने बताया, “मैंने सोशल मीडिया पर मस्जिद के गेट का फोटो पोस्ट किया। अभी असली मस्जिद तैयार हो रही है। दो-चार दिन लोग रुकें, उसके बाद पूरी पिक्चर सामने आएगी। गेट की फोटो सिर्फ एक ट्रेलर है। गेट की चौड़ाई 300 फीट है, जिसका पाया 14 से 18 फीट चौड़ा है।”

उन्होंने अपने ऊपर किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव का कोई असर नहीं पड़ने की बात करते हुए कहा, “दबाव पर मुझ पर कोई फर्क नहीं पड़ता। मुझे अल्लाह पर विश्वास है। वे मेरे साथ जो करेंगे, वही होगा। अल्लाह ही ने मुझे दुनिया में भेजा है, ऐसे में वो जो करेगा, वो मुझे मंजूर होगा।”

आगामी बाबरी यात्रा के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, “12 फरवरी से बाबरी यात्रा की शुरुआत होगी। यह यात्रा प्रदेश के कई जिलों से होकर गुजरेगी और करीब 235 किलोमीटर के रास्ते को कवर करेगी। इस यात्रा का कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। बाबरी यात्रा के साथ राजनीतिक बयान नहीं देना चाहिए। आम आदमी किसे वोट डालेगा, यह उनके ऊपर छोड़ दीजिए।”

–आईएएनएस

एससीएच/एमएस


Show More
Back to top button