त्रि-सेवा समन्वय को मजबूती: नौसेना और तटरक्षक बल के प्रशिक्षुओं का आर्मी एयर डिफेंस सेंटर दौरा

नई दिल्ली, 10 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा में त्रि-सेवा समन्वय को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के 116 प्रशिक्षुओं ने आर्मी एयर डिफेंस सेंटर एवं आर्मी एयर डिफेंस म्यूजियम का दौरा किया। ये प्रशिक्षु भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस तीर और भारतीय तटरक्षक बल के पोत आईसीजीएस सारथी पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इस दौरे के दौरान प्रशिक्षुओं को सेना की वायु रक्षा प्रणाली के संचालन ढांचे से अवगत कराया गया। उन्हें एकीकृत युद्ध की अवधारणा, संयुक्त प्रशिक्षण की कार्यप्रणाली और आधुनिक वायु रक्षा अभियानों की रणनीतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके माध्यम से भविष्य के सैन्य अधिकारियों को तीनों सेनाओं के बीच तालमेल और समन्वित संचालन की आवश्यकता और महत्व को समझने का अवसर मिला।
इस दौरान प्रशिक्षुओं ने आर्मी एयर डिफेंस म्यूजियम का भी अवलोकन किया, जहां वायु रक्षा कोर की विकास यात्रा, तकनीकी प्रगति और युद्ध संबंधी गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित किया गया है। दौरे के दौरान पेशेवर संवाद और ज्ञान-साझाकरण सत्र भी आयोजित किए गए। इन गतिविधियों ने भविष्य के सैन्य नेतृत्व के बीच पारस्परिक समझ, अंतर-सेवा सहयोग और विभिन्न परिचालन क्षेत्रों के बीच सीखने की प्रक्रिया को मजबूत किया।
भारतीय सेना के अनुसार, इस तरह की पहलें संयुक्तता की भावना को बढ़ावा देती हैं और उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए समेकित युद्ध तैयारी तथा समन्वित प्रतिक्रिया क्षमता को और प्रभावी बनाती हैं। यह प्रयास तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और देश की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
–आईएएनएस
पीएसके