टी20 वर्ल्ड कप: मार्करम ने खेली कप्तानी पारी, साउथ अफ्रीका ने कनाडा को 214 रन का टारगेट दिया


अहमदाबाद, 9 फरवरी (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 9वें मुकाबले में कनाडा के सामने जीत के लिए 214 रन का टारगेट रखा है। ग्रुप-डी के इस मुकाबले में दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने के मकसद से उतरी हैं।

सोमवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कनाडा ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीकी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। क्विंटन डी कॉक ने कप्तान एडेन मार्करम के साथ 6.5 ओवरों में 70 रन की साझेदारी की।

क्विंटन डी कॉक ने 22 गेंदों में 2 चौकों के साथ 25 रन की पारी खेली। उनके पवेलियन लौटने के बाद रयान रिकेल्टन ने मार्करम के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 56 रन जुटाते हुए टीम को 126 के स्कोर तक पहुंचा दिया। मार्करम 32 गेंदों में 1 छक्के और 10 चौकों के साथ 59 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिकेल्टन ने 21 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 33 रन की पारी खेली।

इसके बाद टीम ने 138 के स्कोर तक अपना चौथा विकेट भी खो दिया था, जहां से ट्रिस्टन स्टब्स ने डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 गेंदों में 75 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।

मिलर 23 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके के साथ 39 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि स्टब्स ने 19 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 34 रन की नाबाद पारी खेली। कनाडा की तरफ से अंश पटेल ने 31 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि एक विकेट कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने निकाला।

साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी।

कनाडा की प्लेइंग इलेवन: युवराज सामरा, दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), नवनीत धालीवाल, निकोलस किर्टन, श्रेयस मोव्वा (विकेटकीपर), हर्ष ठाकर, साद बिन जफर, जसकरन सिंह, डिलन हेलिगर, कलीम सना और अंश पटेल।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button