महिला सांसदों को हमेशा मिलता है बराबरी का मौका, स्मृति ईरानी ने स्पीकर का किया समर्थन

सूरत, 9 फरवरी (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि संसद में महिलाओं को हमेशा बराबरी का मौका मिलता है और इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं होता। उन्होंने बताया कि अपने 10 साल के संसद अनुभव में उन्होंने देखा है कि महिला सांसद चाहे किसी भी पार्टी से हों, चाहे किसी भी राज्य से हों, स्पीकर ओम बिरला हमेशा उन्हें अपने विचार रखने और देश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का मौका देते हैं।
उन्होंने कहा कि स्पीकर ने हमेशा महिलाओं को बढ़-चढ़कर योगदान देने का अवसर दिया है। उन्होंने अपने निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि कभी भी किसी महिला सांसद को नजरअंदाज नहीं किया गया और सभी को समान अधिकार और सम्मान मिला।
स्मृति ईरानी ने आगे कहा कि उन्होंने 10 साल स्पीकर के सानिध्य में काम किया है। यह अनुभव उनके लिए बहुत खास रहा और उन्होंने देखा कि संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री और सरकार हमेशा महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम कर रहे हैं और संसद में स्पीकर का रवैया इस दिशा में महत्वपूर्ण उदाहरण है।
साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि संसद में मर्यादा बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आभार भाषण पर उठी कुछ चिंताओं के कारण स्पीकर को सदन की मर्यादा बनाए रखने के लिए निवेदन करना पड़ा और यह एक चिंताजनक स्थिति है। लेकिन स्पीकर ने इसे बहुत समझदारी और निष्पक्षता के साथ संभाला।
स्मृति ईरानी ने केंद्रीय बजट की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस बार का बजट पूरी तरह गरीबों और आम आदमी के हित में तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार ने इसे बेहद गहराई से तैयार किया है, लेकिन बावजूद इसके, विपक्ष लगातार इस बजट का विरोध कर रहा है।
स्मृति ईरानी ने सूरत महानगर में हुई परिचर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें सभी प्रकार के पेशेवरों ने हिस्सा लिया। यहां टेक्सटाइल इंडस्ट्री, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, ज्वेलरी से जुड़े लोग और एमएसएमई चलाने वाले लोगों ने खुले तौर पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सभी ने न सिर्फ इस बजट की प्रशंसा की, बल्कि प्रधानमंत्री का भी अभिवादन किया। उनके अनुसार, जब जनता स्वयं नेतृत्व का स्वागत करती है, तो इससे देश के बजट को इससे बड़ी मंजूरी और नहीं मिल सकती। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब भी उत्पादक राजनीति नहीं कर रहा और ऐसे में वह विपक्ष में ही रहेगा।
–आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम