यूपी विधानसभा बजट सत्र: राज्यपाल ने हंगामे के बीच दिया भाषण, सपा ने लगाए 'गो बैक' के नारे


लखनऊ, 9 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र की सोमवार को औपचारिक शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार हंगामा किया, हालांकि विरोध के बीच भी राज्यपाल ने अपना अभिभाषण निर्विघ्न रूप से जारी रखा।

राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा विधायक हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखी तख्तियां लेकर सदन में खड़े हो गए और ‘राज्यपाल गो बैक’ के नारे लगाए। हंगामे के बीच सपा विधायक पल्लवी पटेल अपनी सीट पर बैठी रहीं। पार्टी के अन्य सदस्यों द्वारा बुलाए जाने के बावजूद उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होने से परहेज किया। इस दौरान सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान ने अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा से जुड़े मुद्दे पर विरोध दर्ज कराया।

वहीं सपा विधायकों की तख्तियों पर “विकास के नाम पर विनाश, ”अस्पतालों में न दवा, न सुविधा,” “गरीबों की सुनवाई नहीं”, “पीडीए खत्म करेगा भाजपा का राज” और “एसआईआर एक साजिश है” जैसे नारे लिखे हुए थे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत समाजवादी पार्टी के विधायकों ने सदन में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और लगातार “गो-बैक, गो-बैक” के नारे लगाए।

विपक्ष के शोर-शराबे के बावजूद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने अभिभाषण में कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश में करीब छह करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

इधर, सपा विधायक जाहिद बेग एसआईआर और फार्म-7 के मुद्दे को लेकर नारे लिखी तख्ती के साथ विधानसभा पहुंचे और विरोध जताया।

बजट सत्र की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में बताया कि राज्यपाल के अभिभाषण के उपरांत प्रदेश का आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर है जब कोई राज्य सरकार अपनी आर्थिक उपलब्धियों को इस तरह प्रस्तुत कर रही है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश को पिछड़ेपन से बाहर निकालकर भारतीय अर्थव्यवस्था में एक मजबूत भूमिका में स्थापित किया गया है। वहीं बजट सत्र से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने विधानसभा परिसर में स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

–आईएएनएस

विकेटी/एसके


Show More
Back to top button