‘उत्तर’ में 'उमा' के किरदार को लेकर उत्साहित रेणुका शहाणे, बोलीं- उसकी खामोशी बोलती है

मुंबई, 8 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री रेणुका शहाणे अपनी अपकमिंग फिल्म ‘उत्तर’ की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं। फिल्म में उनके किरदार का नाम उमा है, जो उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि उमा धैर्य, गहरा प्यार और एक अनकही उम्मीद से बनी है। वह बुरे समय में भी पॉजिटिव बनी रहती है।
रेणुका शहाणे की अपकमिंग फिल्म एक संवेदनशील मां-बेटे के रिश्ते की कहानी है, जो आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में पीढ़ीगत दूरी और इमोशनल खामोशी को दिखाती है। ‘उत्तर’ प्यार, कनेक्शन, माफी और रिश्तों की खूबसूरती पर केंद्रित है।
किरदार के बारे में बात करें तो उमा एक ऐसी मां है, जिसका खास अंदाज परिवार को जोड़े रखता है। दूसरी तरफ उसका बेटा निनाद जीवन में आगे बढ़ रहा है, लेकिन अनजाने में घर से दूर होता जा रहा है। दोनों बिना किसी झगड़े या दोषारोपण के एक-दूसरे से दिन-ब-दिन दूर होते जाते हैं। फिल्म बताती है कि रिश्ते अक्सर टकराव से नहीं, बल्कि सही समय, सही शब्द और सही पल का इंतजार करते-करते टूट जाते हैं।
रेणुका शहाणे ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, “उमा का किरदार निभाना बहुत इमोशनल अनुभव था। उनकी खामोशी उनके शब्दों से ज्यादा बोलती है। मैं खुश हूं कि ‘उत्तर’ अब ज्यादा दर्शकों तक पहुंचने को तैयार है और इसकी भावनाएं गहराई से महसूस की जा सकेंगी।”
निर्देशक क्षितिज पटवर्धन ने बताया, “यह फिल्म हमेशा दर्शकों को खास लगे, इसके लिए खास कहानी के साथ बनाई गई है, कोमल, अनसुलझी और बहुत मानवीय। हम उन पलों की बात करते हैं, जिन्हें हम टाल देते हैं, यह सोचकर कि अभी बहुत समय है। डिजिटल प्रीमियर से दर्शक फिल्म से जुड़ सकेंगे। उम्मीद है कि यह व्यक्तिगत और लंबे समय तक याद रहने वाली कहानी बनेगी और दर्शकों के दिलों पर खास छाप छोड़ने में सफल रहेगी।”
मेकर्स के अनुसार, फिल्म रोजमर्रा की सच्चाई पर आधारित है, जो उन नाजुक पलों को कैद करती है, जब समय हाथ से फिसल जाता है और जिंदगी ऐसे सवाल पूछती है, जिनके लिए हम तैयार नहीं होते। संवेदनशीलता और सच्ची भावनाओं के साथ बनी यह कहानी आखिरी सीन के बाद भी दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है, उन रिश्तों पर, जिन्हें हम मान लेते हैं कि वे इंतजार कर लेंगे।
‘उत्तर’ क्षितिज पटवर्धन द्वारा लिखी और निर्देशित है। इसे जी स्टूडियोज और जैकपॉट एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 13 फरवरी को जी5 प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी। रेणुका शहाणे के अलावा फिल्म में अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
–आईएएनएस
एमटी/एबीएम