एक्शन, ड्रामा और कॉमेडी का तड़का, देव खरौद की 'डीएसपी देव 2' रिलीज के लिए तैयार

मुंबई, 7 फरवरी (आईएएनएस)। मनोज बाजपेयी की अपकमिंग फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ रिलीज से पहले ही विवादों का सामना कर रही है। फिल्म में मनोज बाजपेयी ने अजय दीक्षित नाम के भ्रष्ट पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है। फिल्म के टाइटल के कारण इसे लेकर कई जगहों पर विरोध हो रहा है।
इस विवाद का असर अब पंजाब में भी देखने को मिल रहा है, जहां लोग फिल्म को लेकर चर्चा कर रहे हैं। वहीं, पंजाबी सिनेमा इससे अलग रुख अपनाकर फिल्म ‘डीएसपी देव 2’ लेकर आ रही है। फिल्म में अभिनेता देव खरौद मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह फिल्म 2019 की फिल्म ‘डीएसपी देव’ की अगली कड़ी है, जिसमें देव खरौद ने एक ऐसे पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई थी, जो रिश्वत लेने के खिलाफ होता है और देश हित के लिए काम करता है।
कुछ समय पहले ही फिल्म के निर्माताओं ने इसका ट्रेलर जारी किया था। सीक्वल में अपराध के खिलाफ देव का संघर्ष, पुलिस नेतृत्व के दबाव और उनकी व्यक्तिगत चुनौतियों को दिखाया गया है। यह फिल्म सिर्फ एक्शन नहीं, बल्कि स्कूल की पृष्ठभूमि, पारिवारिक ड्रामा और सिचुएशनल कॉमेडी का एक अनूठा मिश्रण है।
फिल्म के निर्माताओं ने कुछ समय पहले ही इसका ट्रेलर जारी किया था, जिसे देखकर फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
ट्रेलर में हाई एक्शन, ड्रामा और पावरफुल परफॉर्मेंस है। ट्रेलर बहादुरी, न्याय और अडिग कर्तव्य की भावना से भरी दुनिया की झलक देता है, जिसमें देव खरौद की प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस एक बार फिर सबका ध्यान खींचती है।
मंदीप बेनिपाल द्वारा निर्देशित फिल्म में देव खरौद के अलावा, श्रुति सोढ़ी, धनवीर सिंह, दीदार गिल, अदिति आर्या, नीत महल, नागिंदर गाखर, दीप मंदीप और अजय चहल जैसे कलाकार शामिल हैं। वहीं, व्हाइट हिल स्टूडियोज इसे प्रस्तुत कर रहा है।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम