छत्तीसगढ़ में यातायात जागरूकता: फेसबुक लाइव 'खाकी टॉक्स' में हजारों शामिल, नाबालिगों के स्टंट वीडियो पर चेतावनी जारी

रायपुर, 7 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं और नाबालिगों में यातायात जागरूकता फैलाने का अनूठा प्रयास किया है।
जिला पुलिस द्वारा आयोजित ‘खाकी टॉक्स’ कार्यक्रम के छठे एपिसोड में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने फेसबुक लाइव के जरिए नाबालिग बालकों और छात्रों द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन तथा खतरनाक स्टंट करने के खतरों पर विस्तार से जानकारी दी। यह लाइव सत्र शनिवार दोपहर 2 बजे से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में हजारों लोग ऑनलाइन शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हाल ही में कसडोल क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में नाबालिग छात्रों द्वारा बाइक और चारपहिया वाहनों पर खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। ये वीडियो देखकर बच्चे और युवा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे स्टंट बेहद खतरनाक हैं और थोड़ी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो देखकर नकल करने से युवाओं की जान जा सकती है।
भावना गुप्ता ने अभिभावकों और स्कूल प्राचार्यों से अपील की कि वे बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दें और उन्हें नियमित रूप से समझाएं। नाबालिगों को स्पीड बाइक या अन्य वाहन चलाने की अनुमति न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर न केवल वाहन चालक और मालिक, बल्कि नाबालिग के अभिभावकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाती है। बच्चों की सुरक्षा के लिए अभिभावकों को उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए और उन्हें अच्छे-बुरे की समझ देनी चाहिए।
लाइव सत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संजय साहू ने भी यातायात नियमों, उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई और संबंधित अधिनियमों की विस्तृत जानकारी दी। स्वामी आत्मानंद स्कूल सिमगा, पलारी, लवन सहित कई स्कूलों के छात्रों और अन्य नागरिकों ने ऑनलाइन भाग लिया और कार्यक्रम की सराहना की।
जिला पुलिस द्वारा ‘खाकी टॉक्स’ कार्यक्रम विभिन्न विषयों जैसे साइबर सुरक्षा, बाल अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात जागरूकता पर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग कर युवाओं को जागरूक बनाना आज की आवश्यकता है।
–आईएएनएस
एससीएच