इंडिया-यूएस ट्रेड डील पर किसानों की मुहर, बोले- सरकार का फैसला सही


नई दिल्ली, 7 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते को लेकर देशभर में चर्चा तेज है। इस समझौते के साथ ही दोनों देशों की साझेदारी एक और कदम आगे बढ़ गई है। सबसे खास बात यह रही कि इस ट्रेड डील में भारत के कृषि और डेयरी सेक्टर को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है। राजनीतिक और आर्थिक नजरिए से यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे सीधे तौर पर देश के किसानों के हित जुड़े हुए हैं।

इस समझौते को लेकर उत्तर प्रदेश के किसानों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। फर्रुखाबाद के किसानों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में सरकार के इस कदम की तारीफ की। किसानों का कहना है कि सरकार ने विदेशी कंपनियों के दबाव में आए बिना देश के किसानों और स्थानीय उद्योगों के हितों को प्राथमिकता दी है।

भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि चाहे डेयरी सेक्टर हो या कोई और क्षेत्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का फैसला बिल्कुल सही है। उन्होंने कहा कि जो भी चीजें भारत की हैं, वे भारतीय प्लेटफॉर्म से ही संचालित होंगी, जिससे भारतीय किसानों को सीधा फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला देश के किसानों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच जैसा है और इसके लिए प्रधानमंत्री और सरकार तारीफ के काबिल हैं।

वहीं, भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप दुबे ने भी सरकार के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने साफ कर दिया है कि देश के उत्पाद भारत से ही निर्यात होंगे और बाहर से आयात को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। प्रदीप दुबे ने इसे देशहित में लिया गया साहसिक और सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि सब्जी, मसाले और अनाज जैसी चीजों को हम दूसरे देशों को बेचेंगे, जिससे देश के किसानों को फायदा होगा।

स्थानीय किसानों का कहना है कि इस समझौते से उनकी रोजी-रोटी मजबूत होगी और गांवों की हालत सुधरेगी। एक किसान ने कहा कि सरकार के इन फैसलों से किसानों को भरोसा मिला है कि उनकी मेहनत और उत्पादों की कीमत सुरक्षित रहेगी। उन्होंने बताया कि इससे खेती और डेयरी से जुड़े लोगों को लंबे समय में फायदा होगा और गांवों में विकास की रफ्तार तेज होगी।

–आईएएएनएस

पीआईएम/डीकेपी


Show More
Back to top button