टी20 वर्ल्ड कप से पहले श्री सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे भारतीय खिलाड़ी, बप्पा से लिया आशीर्वाद


मुंबई, 7 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय टीम शनिवार को यूएसए के खिलाफ मुकाबले के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है, जिससे पहले टीम इंडिया के सदस्यों और सपोर्ट स्टाफ ने श्री सिद्धिविनायक मंदिर जाकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया।

स्पिन जोड़ी कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के साथ टीम के फील्डिंग कोच दिलीप श्री सिद्धिविनायक भी मंदिर पहुंचे। मंदिर अधिकारियों ने तीनों को एक स्मृति चिन्ह भेंट किया। इससे पहले गुरुवार को, हेड कोच गौतम गंभीर श्री सिद्धिविनायक मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे।

भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें पाकिस्तान, नामीबिया, नीदरलैंड और यूएसए भी मौजूद हैं।

टीम इंडिया अपना पहला मैच 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ खेलेगी, जिसके बाद 12 फरवरी को नामीबिया के विरुद्ध मुकाबले में उतरेगी। 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मैच खेला जाना है, जिस पर फिलहाल सस्पेंस है। वहीं, 18 फरवरी को नीदरलैंड की टीम का सामना भारत से होगा।

सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया का लक्ष्य इतिहास रचते हुए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम और घरेलू धरती पर ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनना है।

भारत टीम शानदार फॉर्म में है। टीम इंडिया ने अक्टूबर 2023 से अब तक अपने पिछले 56 टी20 मुकाबलों में से 48 जीते हैं। हाल ही में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम की है।

पिछली बार भारत ने 12 जून 2024 को यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला खेला था। न्यूयॉर्क में टीम इंडिया ने यूएसए को 110/8 के स्कोर पर रोकने के बाद 18.2 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते जीत दर्ज की थी। सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ नाबाद 50 रन बनाए थे, जबकि शिवम दुबे ने 31 रन की नाबाद पारी खेली थी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button