टी20 वर्ल्ड कप: चोटिल हर्षित राणा की जगह मोहम्मद सिराज को मंजूरी मिली

मुंबई, 6 फरवरी (आईएएनएस)। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमिटी (ईटीसी) ने अनुभवी पेसर मोहम्मद सिराज को भारतीय टीम में हर्षित राणा की जगह लेने की मंजूरी दी है। पेस-बॉलिंग ऑलराउंडर हर्षित 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच के दौरान घुटने में लगी चोट के कारण बाहर हो गए थे।
मोहम्मद सिराज ने भारत की तरफ से 45 टेस्ट, 50 वनडे और 16 टी20 मैच खेले हैं, उन्हें राणा के दाहिने घुटने में लगी चोट के कारण बाहर होने के बाद रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना गया था।
किसी खिलाड़ी की जगह लेने के लिए इवेंट टेक्निकल कमिटी (ईटीसी) की मंजूरी जरूरी है, तभी खिलाड़ी को आधिकारिक तौर पर टीम में शामिल किया जा सकता है।
आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 की ईटीसी में वसीम खान (आईसीसी जनरल मैनेजर–क्रिकेट, आईसीसी प्रतिनिधि), गौरव सक्सेना (आईबीसी प्रतिनिधि), हेमांग अमीन (मेजबान प्रतिनिधि) और शॉन पोलॉक (स्वतंत्र प्रतिनिधि) शामिल हैं।
‘आईएएनएस’ ने पहले ही यह जानकारी दी थी कि चोट के कारण राणा के बाहर होने पर, सिराज उनकी जगह लेने के लिए सबसे आगे थे, हालांकि इस लिस्ट में प्रसिद्ध कृष्णा और नीतीश कुमार रेड्डी भी थे, लेकिन आखिर में, इंडियन टीम मैनेजमेंट ने अनुभवी सिराज को चुना।
मोहम्मद सिराज टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं। दूसरी ओर प्रसिद्ध कृष्णा ने आईपीएल 2025 में सर्वाधिक विकेट हासिल किए, उन्होंने भारत के लिए 5 टी20 खेले हैं, हालांकि ये सभी मुकाबले साल 2023 में खेले गए थे।
भारत की ओर से 9 टी20 मैच खेल चुके राणा बुधवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। वार्म-अप मैच के दौरान सिर्फ एक ओवर फेंकने के बाद उन्हें घुटना पकड़कर लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाते देखा गया।
पिछले कुछ महीनों में, राणा ने लॉन्ग हैंडल का इस्तेमाल करने और इंडिया की लाइन-अप में और बैटिंग डेप्थ जोड़ने की झलक दिखाई है।
–आईएएनएस
आरएसजी