चीन-अमेरिका की "पिंग-पोंग कूटनीति" की 55वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित


बीजिंग, 5 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के स्थानीय समय के अनुसार, 3 फरवरी को चीन-अमेरिका की “पिंग-पोंग कूटनीति” की 55वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम अमेरिका के वाशिंगटन राज्य के टाकोमा शहर में स्थित लिंकन हाई स्कूल में आयोजित किया गया।

इसका आयोजन चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी), विदेशों के साथ मैत्री के लिए चीनी जन संघ और चीनी पिंग-पोंग (टेबल टेनिस) संघ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था, जिसमें अमेरिका-चीन युवा और छात्र विनिमय संघ सह-आयोजक था।

इस मौके पर, सीएमजी महानिदेशक शन हाईश्योंग, अमेरिका में चीनी राजदूत श्ये फ़ंग, विदेशी देशों के साथ मैत्री के लिए चीनी जन संघ के अध्यक्ष यांग वानमिन और चीनी पिंग-पोंग संघ के अध्यक्ष वांग लीछिन ने अलग-अलग तौर पर वीडियो भाषण दिए। वहीं, सैन फ्रांसिस्को में चीनी महावाणिज्यदूत चांग च्येनमिन और पूर्व अमेरिकी टेबल टेनिस खिलाड़ी कोनी स्वीरिस ने कार्यक्रम में भाग लिया और भाषण दिए। इसके अलावा, वाशिंगटन राज्य के मित्रवत हस्तियों, लिंकन हाई स्कूल के शिक्षकों और छात्रों सहित लगभग 500 अतिथि उपस्थित थे।

अपने वीडियो भाषण में, चाइना मीडिया ग्रुप के महानिदेशक शन हाईश्योंग ने कहा कि देशों के बीच स्वस्थ संबंधों की कुंजी उनके लोगों के बीच आपसी जुड़ाव में निहित है, और लोगों के बीच जुड़ाव की कुंजी आपसी समझ में निहित है। 55 साल पहले, एक छोटी पिंग-पोंग गेंद ने चीन और अमेरिका के लोगों के बीच एक गहरे संबंध का द्वार खोल दिया, जिससे “एक छोटी गेंद ने एक बड़ी गेंद को गति दी” की एक उल्लेखनीय कहानी रची गई। चीन-अमेरिका संबंधों की उम्मीद लोगों में निहित है, और भविष्य युवाओं में। उन्होंने आशा जताई कि दोनों देशों के लोग एक साथ मिलकर नए युग में द्विपक्षीय लोगों के बीच आदान-प्रदान की शानदार गाथा में नया अध्याय लिखेंगे।

इस मौके पर चीनी पिंग-पोंग संघ के अध्यक्ष वांग लीछिन ने अपने वीडियो भाषण में कहा कि 55 साल पहले, चीनी और अमेरिकी टेबल टेनिस टीमों के बीच एक सौहार्दपूर्ण बातचीत ने चीन-अमेरिका संबंधों में एक महत्वपूर्ण विकास को जन्म दिया। चीन सरकार के निमंत्रण पर अमेरिकी टेबल टेनिस टीम की चीन यात्रा ने दोनों देशों के लोगों के बीच एक दीर्घकालिक मित्रता का द्वार खोला और चीन-अमेरिका संबंधों को सामान्य बनाने के संबंध में दुनिया को एक सकारात्मक संकेत दिया। “पिंग-पोंग कूटनीति” के माध्यम से बोए गए मित्रता के बीज अब विशाल वृक्षों में तब्दील हो गए हैं।

वांग लीछिन का कहना है कि चीनी पिंग-पोंग संघ और चीनी राष्ट्रीय पिंग-पोंग टीम “पिंग-पोंग कूटनीति” की भावना को कायम रखते हुए खेल के क्षेत्र में चीन और अमेरिका के बीच आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देना जारी रखेंगे, और पिंग-पोंग की साझा भाषा के माध्यम से दोनों देशों के लोगों के बीच समझ और मित्रता को मजबूत करेंगे।

वर्ष 1971 में खिलाड़ी कोनी स्वीरिस ने अमेरिकी टेबल टेनिस टीम के साथ चीन का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि 55 साल पहले का वह अविस्मरणीय अनुभव उनकी स्मृति में आज भी ताजा है, और उन्हें “पिंग-पोंग कूटनीति” के माध्यम से चीन-अमेरिका संबंधों में योगदान देने पर गर्व है। उन्होंने उपस्थित युवा छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल हो या सांस्कृतिक आदान-प्रदान, हर किसी के पास अमेरिका और चीन के बीच आपसी आदान-प्रदान का राजदूत बनने का अवसर है।

इस कार्यक्रम में, चीनी मेहमानों ने “पिंग-पोंग कूटनीति” के प्रतिभागियों, अमेरिकी टेबल टेनिस टीम के पूर्व सदस्यों और स्थानीय टेबल टेनिस प्रेमियों के साथ “मैत्री गेंद” प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया। इसके अलावा, सीएमजी के अधीनस्थ सीजीटीएन (चाइना ग्लोबल टेलीविजन नेटवर्क) द्वारा चीन और अमेरिका के बीच “पिंग-पोंग कूटनीति” की 55वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में निर्मित लघु फिल्म दिखाई गई। उपस्थित अतिथियों ने “पिंग-पोंग कूटनीति” की परंपरा को जारी रखने, चीन-अमेरिका मित्रता को गहरा करने और लोगों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देने में योगदान देने की आशा व्यक्त की।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/


Show More
Back to top button