टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप: नेपाल ने कनाडा को 6 विकेट से हराया, यूएसए पर न्यूजीलैंड की रोमांचक जीत


नई दिल्ली, 5 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को खेले गए वार्म-अप मुकाबलों में नेपाल ने कनाडा को हराया, जबकि न्यूजीलैंड ने यूएसए के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड का मुकाबला बारिश के चलते बेनतीज रहा।

मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 12वें वार्म-अप मुकाबले में नेपाल ने कनाडा के खिलाफ 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी कनाडा की टीम ने 6 विकेट खोकर 161 रन बनाए।

इस टीम के लिए श्रेयस मोव्वा ने नाबाद 38 रन की पारी खेली, जबकि सलामी बल्लेबाज नवनीत धालीवाल ने 41 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, कंवरपाल तठगुर ने 25 रन जुटाए। विपक्षी खेमे से संदीप लामिछाने और कुशल भुर्तेल ने 2-2 विकेट निकाले।

इसके जवाब में नेपाल ने 18 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम के लिए आसिफ शेख ने 29 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 58 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि संदीप जोरा ने 44 रन जोड़े। इनके अलावा, गुलशन झा ने नाबाद 31 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। कनाडा की तरफ से जसकरण सिंह, साद बिन जफर और अजयवीर हुंदल ने 1-1 विकेट निकाला।

13वां वार्म-अप मैच ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड के बीच खेला जाना था, लेकिन बारिश के चलते यह मुकाबला रद्द हो गया। इस मैच में टॉस तक नहीं हो सका।

नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए 14वें वार्म-अप मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 7 रन से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम ने 7 विकेट खोकर 208 रन बनाए। टिम सीफर्ट 31 गेंदों में 66 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 10 चौके शामिल रहे, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 40 रन का योगदान दिया। उनके अलावा, डेरिल मिचेल ने 32 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से सौरभ नेत्रावलकर ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले। अली खान, मोहम्मद मोहसिन और शुभम रंजने ने 1-1 विकेट हासिल किया।

इसके जवाब में यूएसए की टीम 8 विकेट खोकर 201 रन ही बना सकी। इस टीम के लिए सैतेजा मुक्कमल्ला ने 31 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 50 रन बनाए, जबकि मिलिंद कुमार ने 43 रन की पारी खेली। शुभम रंजने ने 41 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। कीवी टीम की ओर से मैट हेनरी ने 32 गेंदों में 5 विकेट हासिल किए, जबकि ईश सोढ़ी ने 2 विकेट निकाले। एक विकेट जैकब डफी के हाथ लगा।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button