लखनऊ: सीएम योगी ने छठवीं गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के शुभारंभ पर दी बधाई


लखनऊ, 5 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा कर छठवीं गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा लोक मंगल और जन सेवा के प्रति समर्पित है और भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक चेतना का दीप प्रज्वलित कर रही है।

सीएम योगी ने कहा कि महायोगी गुरु गोरखनाथ जी ने समाज को योग, तप और करुणा का मार्ग दिखाया, जिनका स्पष्ट संदेश था “सबका कल्याण, सबका उत्थान।” उन्होंने इस यात्रा में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से शुरू हुई इस स्वास्थ्य सेवा यात्रा के माध्यम से अब तक लाखों नागरिकों को नि:शुल्क परामर्श, दवाइयां, जांच और स्वास्थ्य जागरूकता का लाभ मिल चुका है। पिछले साल फरवरी में आयोजित यात्रा में 2,18,000 से अधिक नागरिकों को सेवा पहुंचाई गई थी।

सीएम योगी ने बताया कि सरकार ने सीमावर्ती एवं वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की ‘डबल इंजन सरकार’ स्वास्थ्य को केवल इलाज तक सीमित न रखते हुए बीमारियों की रोकथाम, जागरूकता और आधारभूत संरचना विकास पर भी जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य सेवा यात्रा उसी भाव को आत्मसात करते हुए भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में थारू जनजाति और बंटांगिया समुदाय के बीच स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक चेतना का दीप प्रज्वलित कर रही है।

सीएम ने यह भी कहा कि सीमावर्ती एवं वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा का यह प्रयास नए भारत की सेवा संस्कृति का एक उत्कृष्ट और प्रेरक उदाहरण होने के साथ ही सेवा ही साधना और स्वास्थ्य सेवा को राष्ट्र सेवा के रूप में स्थापित करते हुए एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ कर रहा है। वर्ष 2017 के बाद हमारी सरकार ने बनटांगिया गांव को राजस्व गांव का दर्जा देकर उन्हें पहचान, सम्मान और शासन की सभी बुनियादी सुविधाओं के साथ विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से इंसेफ्लाइटिस जैसी बीमारियों को समयबद्ध रणनीति, टीकाकरण और जन भागीदारी के माध्यम से नियंत्रित किया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

इस वर्ष की स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6 फरवरी से 8 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। इसमें 1,000 से अधिक चिकित्सक सीमावर्ती ग्रामीण अंचलों में 3 लाख से अधिक मरीजों के उपचार के लिए सेवा प्रदान करेंगे। इस संयुक्त प्रयास में नेशनल मेडिकोस ऑर्गेनाइजेशन, श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास, विद्या भारती, सेवा भारती, सीमा जागरण मंच, एकल अभियान, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, आरोग्य भारती, विश्व हिंदू परिषद और सीमा सुरक्षा बल सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

सीएम योगी ने सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि गुरु गोरखनाथ की प्रेरणा से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सेवा अभियान के माध्यम से एक स्वस्थ, समर्थ जनजातीय समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के संकल्प को सफलतापूर्वक साकार किया जाएगा।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button