चीनी नव वर्ष समारोहों का भव्य आयोजन


बीजिंग, 5 फरवरी (आईएएनएस)। भारत में चीनी दूतावास तथा कोलकाता स्थित चीनी महावाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर 2026 चीनी नव वर्ष (स्प्रिंग फेस्टिवल) रिसेप्शन का भव्य आयोजन किया, जिसमें भारत के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों, प्रवासी चीनी समुदाय, चीनी उद्यमों और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

नई दिल्ली के शांगरी-ला होटल में आयोजित समारोह में चीनी राजदूत श्यू फ़ेइहोंग ने अतिथियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चीन की आर्थिक उपलब्धियों, चीन-भारत संबंधों में स्थिर सुधार और द्विपक्षीय व्यापार के रिकॉर्ड स्तर पर प्रकाश डाला। राजदूत ने कहा कि चीन भारत के साथ रणनीतिक समन्वय, व्यावहारिक सहयोग एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और ब्रिक्स अध्यक्ष के रूप में भारत के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।

इसी दिन कोलकाता में आयोजित रिसेप्शन में चीनी कौंसल जनरल श्यू वेई ने 400 से अधिक अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने चीन-भारत मैत्री और सहयोग में स्थानीय समुदाय के योगदान की सराहना की तथा भविष्य में और अधिक स्थिर एवं ठोस सहयोग की आशा व्यक्त की।

दोनों कार्यक्रमों में पारंपरिक चीनी व्यंजनों, सांस्कृतिक प्रदर्शनों जैसे ड्रैगन डांस, मार्शल आर्ट, वायलिन और एरहु वादन, तथा चीनी एवं भारतीय गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से चीन-भारत सांस्कृतिक सम्मिश्रण की जीवंत झलक प्रस्तुत की गई। अतिथियों ने सौहार्दपूर्ण और उत्सव के माहौल में चीनी नव वर्ष मनाया। ये आयोजन द्विपक्षीय संबंधों के प्रति सकारात्मक माहौल और मानवीय आदान-प्रदान और बढ़ती मैत्री को दर्शाते हैं।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/


Show More
Back to top button