मैनपुरी: एकतरफा प्यार की सनक में छात्र ने शिक्षिका के होंठ काटे


मैनपुरी, 5 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक बेहद चौंकाने और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।

यहां एक कक्षा 12 के छात्र ने एकतरफा प्यार की सनक में अपनी पूर्व शिक्षिका पर क्रूर हमला कर दिया। आरोपी ने धारदार हथियार से हमला करके शिक्षिका के दोनों होंठ काट दिए। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को इलाज के लिए आगरा के अस्पताल में रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने आरोपी छात्र अखंड प्रताप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। घटना मैनपुरी शहर के कोतवाली क्षेत्र से जुड़ी है। शिक्षिका एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। आरोपी छात्र उसी स्कूल का छात्र था और पहले से ही शिक्षिका पर बुरी नजर रखता था। वह स्कूल में छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करता रहता था। शिक्षिका ने इसकी शिकायत पैरेंट्स-टीचर मीटिंग में छात्र की मां से की थी। मां ने भरोसा दिलाया था कि ऐसी हरकतें दोबारा नहीं होंगी, लेकिन छात्र नहीं माना।

परेशान होकर शिक्षिका ने उस स्कूल को छोड़ दिया और मैनपुरी के ज्योति रोड स्थित एक अन्य निजी स्कूल में नौकरी शुरू कर दी। लेकिन, छात्र की जिद कम नहीं हुई। वह नए स्कूल के रास्ते में भी शिक्षिका का पीछा करने लगा। वह उन्हें रोककर परेशान करता और अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालता रहा। विरोध करने पर छात्र ने रास्ते में ही शिक्षिका को रोक लिया। पहले उसने जबरदस्ती गले में हाथ डालकर शिक्षिका को घसीटा और फिर धारदार हथियार से चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में शिक्षिका के दोनों होंठ कट गए और वे खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं। आरोपी मौके से फरार हो गया।

शिक्षिका के भाई ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, जिसमें पूरी घटना का ब्यौरा बताया गया। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस लगातार छापेमारी और जांच कर रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।

–आईएएनएस

एसएचके/एएस


Show More
Back to top button