मैं किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी के लिए तैयार: ईशान किशन


नवी मुंबई, 4 फरवरी (आईएएनएस)। भारत ने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए वार्म-अप मुकाबले को 30 रन से अपने नाम किया। इस मुकाबले में बतौर सलामी बल्लेबाज उतरकर तूफानी अर्धशतक लगाने वाले ईशान किशन ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि वह किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी के लिए तैयार हैं।

बुधवार को खेले गए इस वार्म-अप मैच में ईशान 20 गेंदों में 7 छक्कों और 2 चौकों के साथ 53 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। मैच के बाद ईशान ने कहा, “मैं इस मुकाबले को लेकर बहुत उत्साहित था। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए मुझे उस परिस्थिति में बहुत मजा आया, लेकिन वर्ल्ड कप आने वाला है, इसलिए मैं किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी करूंगा। मेरा फोकस हमेशा टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर होता है।”

उन्होंने कहा, “मेरे लिए वर्तमान में रहना, गेंद पर नजर रखना और उस समय की जरूरत के मुताबिक शॉट खेलना अहम है। मैं इस पर ज्यादा सोच-विचार नहीं करता, बस प्रतिक्रिया देता हूं। मैं गेंद देखता हूं और उसी के अनुसार खेलता हूं। यही तरीका मेरे लिए कारगर साबित हो रहा है। कुछ दिन आप खुद को बहुत अच्छा महसूस करते हैं, कुछ दिन नहीं। इस मुकाबले में पिच को भी श्रेय देना होगा। यह बल्लेबाजी के लिए शानदार थी। दूसरी पारी में भी पिच ने बल्लेबाजों का साथ दिया। मैंने विकेट और बाउंस पर भरोसा किया। विश्व कप इतना करीब होने पर जरूरी है कि अगर गेंद खेलने लायक हो, तो भले ही फील्डर खड़ा हो, आप खुद पर भरोसा करते हुए शॉट खेलें।”

इस वार्म-अप मैच में तिलक वर्मा ने 19 गेंदों का सामना करते हुए 45 रन बनाए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे। इसके बाद उन्होंने 1 ओवर गेंदबाजी भी की।

इस खिलाड़ी की तारीफ में ईशान किशन ने कहा, “वह हमारे लिए बहुत अहम खिलाड़ी हैं। अब वह सिर्फ बल्लेबाज नहीं रहे। वह कुछ ओवर गेंदबाजी भी करते हैं, खासकर जब दो बाएं हाथ के बल्लेबाज क्रीज पर हों। वह बहुत अच्छे फील्डर हैं और जिस तरह से वह इन दिनों बल्लेबाजी कर रहे हैं, नंबर तीन पर ऐसे खिलाड़ी की जरूरत होती है जो स्ट्राइक रोटेट करे और रन गति बनाए रखे।”

240 रन बनाने के बावजूद भारत ने इस मुकाबले को महज 30 रन से अपने नाम किया। ईशान ने कहा, “सुधार की हमेशा गुंजाइश रहती है। हम बैठकर चर्चा करेंगे कि बल्लेबाजों के खिलाफ कहां गेंदबाजी करनी है और कैसे बेहतर योजना बना सकते हैं, लेकिन इस विकेट पर मुझे लगता है कि हमने अच्छा प्रदर्शन किया। यह आसान नहीं था और हमने ज्यादा छक्के भी नहीं दिए। कुल मिलाकर यह एक ठोस गेंदबाजी प्रदर्शन था, हालांकि आगे और बेहतर होने पर जरूर चर्चा करेंगे।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button