सेशेल्स के राष्ट्रपति पत्नी के साथ छह दिवसीय दौरे पर आएंगे भारत, जानें कैसा है दोनों देशों का संबंध?

नई दिल्ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी और उनकी पत्नी वेरोनिक हर्मिनी छह दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत आएंगे। सेशेल्स के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी का ये राजकीय दौरा 5 फरवरी से 10 फरवरी तक रहेगा।
सेशेल्स के राष्ट्रपति गुरुवार, यानी 5 फरवरी को तड़के दो बजकर 15 मिनट पर चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। फिर शुक्रवार यानी 6 फरवरी को पांच बजकर 30 मिनट पर तमिलनाडु के गवर्नर से होटल ताज कोरोमंडल में मुलाकात करेंगे।
इसके बाद शनिवार यानी 7 फरवरी को सुबह 11 बजे दोनों मुंबई पहुंचेंगे। छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया जाएगा। फिर शाम के पांच बजे होटल ताज महल पैलेस से महाराष्ट्र के गवर्नर से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद रविवार यानी 8 फरवरी को दोपहर दो बजे वह राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली पहुंचेंगे। सोमवार यानी 9 फरवरी को सुबह नौ बजकर 45 मिनट पर होटल आईटीसी मौर्य में उनकी मुलाकात विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से होगी। फिर 11 बजे वह राजघाट जाएंगे और महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
यहां से सुबह साढ़े 11 बजे वह हैदराबाद हाउस पहुंचेंगे, जहां भारत के प्रधानमंत्री से सेशेल्स के राष्ट्रपति की मुलाकात होगी। फिर 12 बजकर 35 मिनट पर प्रेस स्टेटमेंट जारी करेंगे।
इसके बाद शाम 4.30 बजे होटल आईटीसी मौर्या में ही उपराष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। शाम 7 बजे राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से सेशेल्स प्रेसिडेंट मुलाकात करेंगे। इसके अगले दिन मंगलवार यानी 10 फरवरी को सुबह 10 बजे वह ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंचेंगे। फिर रात 9.30 बजे दिल्ली से रवाना हो जाएंगे।
बता दें कि भारत और सेशेल्स के बीच संबंध ऐतिहासिक रूप से मजबूत, भरोसेमंद और बहुआयामी रहे हैं। दोनों देशों के बीच का संबंध केवल कूटनीतिक स्तर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि व्यापार, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, विकास सहयोग और लोगों के संपर्क तक इसका विस्तार है। हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत का एक अहम साझेदार माना जाता है।
भारत ने सेशेल्स की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और विकास प्राथमिकताओं का हमेशा समर्थन किया है। वहीं सेशेल्स भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का सहयोग करता है।
व्यापारिक संबंधों की बात करें तो भारत सेशेल्स के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल है। भारत सेशेल्स को चावल, दवाइयां, मशीनरी, निर्माण सामग्री और उपभोक्ता वस्तुएं निर्यात करता है, जबकि सेशेल्स से मछली और समुद्री उत्पादों का आयात किया जाता है। इसके अलावा, भारतीय कंपनियां सेशेल्स में पर्यटन, बुनियादी ढांचे और वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
रक्षा और सुरक्षा सहयोग भी द्विपक्षीय संबंधों का महत्वपूर्ण आधार है। भारत सेशेल्स को तटीय निगरानी, समुद्री सुरक्षा और रक्षा प्रशिक्षण में सहयोग देता रहा है। कुल मिलाकर, भारत और सेशेल्स के संबंध आपसी विश्वास, साझेदारी और साझा रणनीतिक हितों पर आधारित हैं।
–आईएएनएस
केके/डीकेपी