अमेरिकी टैरिफ घटते ही टेक्सटाइल शेयरों में तेजी, शेयर मार्केट एक्सपर्ट बोले- निवेशकों में लौटा भरोसा

सूरत, 3 फरवरी (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद भारतीय बाजार में सकारात्मक असर देखा जा रहा है। इस व्यापार समझौते के कारण टेक्सटाइल शेयरों में भी तेजी आई है। सूरत के शेयर मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि केंद्रीय बजट से खास प्रभाव न पड़ने की स्थिति में निराशा थी, लेकिन भारत-अमेरिका के समझौते के बाद बाजार में सकारात्मक प्रतिक्रिया है।
20 साल से श्री निवेश फर्म चला रहे सूरत के कारोबारी डेनिश गोलवाला ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “रविवार को पेश हुए बजट में सरकार ने फ्यूचर और ऑप्शन में एसटीटी (सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स) बढ़ाया था। उसकी वजह से बाजार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा और शेयर बहुत जोर से टूटा, क्योंकि बाजार को ऐसी उम्मीद नहीं थी कि इक्विटी मार्केट से संबंधित कुछ भी आएगा।”
उन्होंने कहा, “उम्मीद यह थी कि शायद लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स (एलटीसीजी) में सरकार कुछ राहत दे, जैसे 1.25 लाख की जो लिमिट है, उसे बढ़ाकर 2 लाख कर दे। वह हुआ नहीं और उल्टा सरकार ने एसटीटी बढ़ा दिया। उसकी वजह से बाजार ने नेगेटिव रिएक्ट किया और बजट के दिन शेयर काफी टूटा।”
डेनिश गोलवाला ने आगे बताया, “काफी समय से लंबित भारत और अमेरिका के बीच एक ट्रेड डील हो गई है। जो 50 प्रतिशत टैरिफ रेट था, उसे सीधा घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इसकी वजह से आज बाजार ने बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।”
उन्होंने शेयर बाजार को लेकर कहा कि अभी भी भविष्य अच्छी स्थिति में है। सभी सेक्टर में काम चल रहा है और कंपनियों के रिजल्ट इतने खराब नहीं हैं कि हमें निराश होना चाहिए।
फर्म मार्केट एक्सपर्ट निमेष पलसाणावाला ने कहा कि बाजार में उछाल अमेरिकी टैरिफ घटने का परिणाम है। आगे भी सकारात्मक नजरिए से बाजार को देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की स्थिरता से मार्केट में पैसा आता है। अगर सरकार स्थिर होगी तो वह ठोस नीतिगत निर्णय लेने में सक्षम होगी, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता है और वे पैसा लगाते हैं।
–आईएएनएस
डीसीएच/एबीएम