अनुपम खेर गुरु से मिलकर हुए भावुक, कहा- 'अब मुझे बेटा कहने वाले बहुत कम हैं'

मुंबई, 3 फरवरी (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों गुरुग्राम में फिल्म ‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग कर रहे हैं। इस बीच, उन्होंने अपने कॉलेज के समय के म्यूजिक टीचर प्रोफेसर सोम दत्त बट्टू से मुलाकात की।
इस मुलाकात का किस्सा अभिनेता ने फैंस के साथ शेयर किया। अभिनेता ने बताया कि वे गुरुग्राम में फिल्म ‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग कर रहे थे, तभी उनके टीचर प्रोफेसर सोम दत्त बट्टू को इसकी खबर मिली, तो टीचर ने मिलने की इच्छा जताई, जिसके बाद अभिनेता ने मुलाकात की।
अभिनेता ने वीडियो शेयर कर लिखा, “53 साल बाद मुलाकात, प्रोफेसर सोम दत्त बट्टू 1972-73 में शिमला में मेरे म्यूजिक टीचर हुआ करते थे। उन्होंने हमारे कॉलेज के नाटकों के लिए संगीत भी तैयार किया था। जब मैं गुरुग्राम में फिल्म ‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग कर रहा था, तब किसी तरह उनसे मुलाकात हो गई।”
अभिनेता ने आगे लिखा, “उनका आशीर्वाद पाकर दिल बहुत खुश हो गया। वे मुझे बार-बार ‘बेटा’ कहकर बुला रहे थे। इस उम्र में मुझे ‘बेटा’ कहने वाले बहुत कम लोग हैं, मां के अलावा।”
अभिनेता ने आखिरी में लिखा, भारत सरकार ने उन्हें 2024 में पद्म श्री से सम्मानित किया। सच कहूं तो उस जमाने में स्कूल और कॉलेज के शिक्षक सिर्फ विषय ही नहीं पढ़ाते थे, बल्कि जिंदगी और उसके सबक भी सिखाते थे। सर, आपके प्यार, ज्ञान और सीख के लिए दिल से धन्यवाद।”
फिल्म ‘खोसला का घोसला-2’ साल 2006 में इसी नाम से बनी सुपरहिट फिल्म का सीक्वल है।
कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘खोसला का घोसला’ मध्यमवर्गीय परिवार के जमीन हड़पने के भू-माफिया से लोहा लेने की कहानी है। इस फिल्म का निर्देशन दिबाकर बनर्जी ने किया था। फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी और विनय पाठक जैसे कलाकार शामिल थे।
अब सीक्वल में पुराने कलाकारों की वापसी के साथ कुछ नए कलाकार भी दिखेंगे। वहीं, फैंस भी फिल्म ‘खोसला का घोसला’ के सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम