अपारशक्ति खुराना और तुलसी कुमार का गाना 'निक्की निक्की गल' रिलीज

मुंबई, 3 फरवरी (आईएएनएस)। टी-सीरीज अपने प्रशंसकों के लिए अक्सर मजेदार गाने पेश करता रहता है। टी-सीरीज ने मंगलवार को अपने दर्शकों के लिए रोमांटिक सॉन्ग ‘निक्की निक्की गल’ रिलीज किया।
इस गाने में एक बार फिर से अपारशक्ति खुराना और तुलसी कुमार की जुगलबंदी देखने को मिल रही है। गाने को दोनों ने मिलकर अपनी आवाज में गाया है और एक बार फिर प्रशंसकों का दिल जीत लिया है। वहीं, साक्षी रत्ती ने गाना लिखने के साथ इसका संगीत भी तैयार किया है।
टी-सीरीज ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर गाने की जानकारी देते हुए एक क्लिप शेयर की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “थोड़ी सी नाराजगी पर बहुत सारा प्यार। ‘निक्की निक्की गल’ गाना अब रिलीज हो गया है।”
गाने की कहानी बहुत प्यारी है। इसमें छोटी-छोटी बातों पर होने वाली नाराजगी को प्यार से सुलझाने की बात पर जोर दिया गया है। अपारशक्ति खुराना गाने में तुलसी कुमार को प्यार भरे अंदाज में समझाते नजर आते हैं कि छोटी नाराजगी पर इतना गुस्सा नहीं करना चाहिए। गीत के बोल बेहद सरल, मजेदार और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हुए हैं, जिस वजह से ये गाना हर उम्र के लोगों को पसंद आ रहा है।
वीडियो में अपारशक्ति और तुलसी की केमेस्ट्री आकर्षक दिखाई गई है। इसमें कुछ शादी के सीन भी दिखाए गए हैं। गाने को साधारण लेकिन बेहद प्यारे अंदाज में पेश किया गया है, जिसमें न तो ज्यादा ड्रामा है और न ही कोई भारी-भरकम सेटिंग।
यह गाना फैंस को काफी पसंद आ रहा है। वहीं, गाना सभी प्लेटफॉर्म पर मौजूद है।
फैंस को अक्सर अपारशक्ति और तुलसी की जुगलबंदी काफी पसंद आती है। यही कारण है कि वे इस गाने में दोनों को एक बार फिर से साथ में देखकर खुश हो रहे हैं। इससे पहले दोनों ‘राम जानकी’ समेत कुछ गानों में नजर आ चुके हैं।
अपारशक्ति संगीत के साथ अभिनय में कमाल करते हैं। अब वे जल्द ही फिल्म ‘रूट-रनिंग आउट ऑफ टाइम’ से साउथ सिनेमा डेब्यू करने जा रहे हैं।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम