एयरक्राफ्ट के बाद अब हेलिकॉप्टर मैन्युफैक्चरिंग में उतरेगा अदाणी ग्रुप, इटली की कंपनी के साथ किया करार

अहमदाबाद, 3 फरवरी (आईएएनएस)। अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी डिफेंस और एयरोस्पेस ने इटली की कंपनी लियोनार्डो के साथ मंगलवार को रणनीतिक साझेदारी का ऐलान किया। इसके तहत दोनों कंपनियां मिलकर भारत में हेलिकॉप्टर मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम विकसित करेंगी।
दोनों कंपनियों ने एक साझा बयान में कहा,”इस ऐतिहासिक साझेदारी के अंतर्गत देश में हेलिकॉप्टर मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक एकीकृत इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश की बढ़ती सैन्य मांग और भारत को हेलिकॉप्टर उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाना है।”
बयान में आगे कहा गया कि भारतीय सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष रूप से लियोनार्डो के एडवांस एडब्ल्यू169एम और एडब्ल्यू109 ट्रेकरएम हेलीकॉप्टरों को लक्षित करते हुए, यह सहयोग चरणबद्ध तरीके से स्वदेशीकरण, मजबूत रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) क्षमताओं में वृद्धि करेगा और व्यापक पायलट प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
लियोनार्डो की विश्व स्तरीय हेलीकॉप्टर डिजाइन और इंजीनियरिंग दक्षता को अदाणी डिफेंस की संपूर्ण डिफेंस और एयरोस्पेस की विशेषज्ञता के साथ मिलाकर, यह पहल आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को आगे बढ़ाती है और राष्ट्रीय रक्षा तैयारियों को मजबूत करती है और भविष्य में इसका नागर विमानन के क्षेत्र से लेकर अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण तक विस्तार किया जा सकता है।
यह इकोसिस्टम इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और रखरखाव सेवाओं में हजारों उच्च-कुशल नौकरियां पैदा करेगा और भारत को हेलीकॉप्टर उत्पादन के लिए एक प्रतिस्पर्धी केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।
अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के निदेशक जीत अदाणी ने कहा, “लियोनार्डो के साथ यह साझेदारी भारत में एक मजबूत और भविष्य के लिए तैयार हेलीकॉप्टर इकोसिस्टम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वैश्विक उत्कृष्टता को अपनी औद्योगिक गति के साथ मिलाकर, हम भारत को वैश्विक एयरोस्पेस शक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए स्थायी मूल्य, उच्च-कुशल रोजगार और आत्मनिर्भर भारत के साथ तालमेल को बढ़ावा देंगे।”
अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के सीईओ आशीष राजवंशी ने कहा,”भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा आगामी दशक में 1,000 से अधिक हेलीकॉप्टरों की मांग का अनुमान लगाते हुए, यह साझेदारी हमारी आत्मनिर्भर विनिर्माण की परिकल्पना को साकार करती है। इससे स्वदेशीकरण में तेजी आएगी, आपूर्ति श्रृंखलाएं मजबूत होंगी और भारत एक विश्व स्तरीय उत्पादन केंद्र के रूप में स्थापित होगा।”
लियोनार्डो हेलीकॉप्टर्स के प्रबंध निदेशक जियान पिएरो कुटिलो ने कहा, “भारत के हेलीकॉप्टर उद्योग को और भी मजबूत और विकसित बनाने के दृष्टिकोण में अपना योगदान देने और देश को आधुनिक प्रौद्योगिकी और परिचालन क्षमता के उस स्तर तक पहुंचाने के लिए हम अदाणी के साथ साझेदारी करके बेहद खुश हैं, जिसका भारत हकदार है। हम इस प्रयास में प्रगति करने और अपनी विशेषज्ञता का लाभ उठाकर सर्वोत्तम समाधान प्रदान करने के लिए तत्पर हैं।”
इससे पहले, पिछले हफ्ते एम्ब्रेयर और अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने भारत में एकीकृत रीजनल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट इकोसिस्टम विकसित करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर साइन किया था।
इसका उद्देश्य देश में एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन और आफ्टरमार्केट सर्विसेज और पायलट ट्रेनिंग में साझेदारी करना है।
–आईएएनएस
एबीएस/