डर की वजह से ममता बनर्जी दिल्ली गई: शिखा चटर्जी


सिलीगुड़ी, 2 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा नेता शिखा चटर्जी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि घुसपैठियों के दम पर सत्ता में रहने वाली सीएम को अब डर लगने लगा है। इसीलिए वे दिल्ली गई हैं।

पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग की ओर से कराए जा रहे एसआईआर को लेकर ममता बनर्जी ने दिल्ली में सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ बैठक की। यह बैठक करीब एक घंटे तक चली।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ हुई बैठक के बाद सीएम ममता बनर्जी ने मीडिया से कहा कि मैं बहुत दुखी हूं। मैं बहुत लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में शामिल हूं। मैं 4 बार मंत्री और 7 बार सांसद रही हूं। मैंने ऐसा चुनाव आयुक्त कभी नहीं देखा जो इतना घमंडी हो, जो इतना झूठा हो। मैंने उनसे कहा कि मैं आपकी कुर्सी की इज्जत करती हूं क्योंकि कोई भी कुर्सी किसी के लिए स्थायी नहीं होती। एक दिन आपको जाना ही होगा। बंगाल को क्यों निशाना बनाया जा रहा है। चुनाव लोकतंत्र में एक त्योहार होते हैं, लेकिन आपने 58 लाख लोगों के नाम हटा दिए और उन्हें अपना बचाव करने का मौका नहीं दिया।

एसआईआर के मुद्दे पर सीएम ममता बनर्जी के विरोध पर भाजपा नेता शिखा चटर्जी ने कहा कि एसआईआर होना चाहिए। ममता बनर्जी ने हाल ही में एक रैली निकाली थी कि हम एसआईआर नहीं होने देंगे, आज वह दिल्ली गई हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि ममता बनर्जी के दिल्ली दौरे से एक चीज साफ है कि वे घबरा रही हैं और डर रही हैं, उन्हें मालूम है कि एसआईआर के जरिए वोटर लिस्ट को दुरुस्त किया जा रहा है और घुसपैठियों, रोहिंग्या और मरे हुए वोटरों के सभी नाम हटा दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को पता होना चाहिए कि एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा है, वर्षों से यह प्रक्रिया हो रही है और यह जारी रहेगा। ममता बनर्जी कह रही थीं कि वह राज्य में एसआईआर नहीं होने देंगी, लेकिन एसआईआर हो रहा है। वह रोहिंग्याओं, बांग्लादेशी के नाम लिस्ट में रखना चाहती हैं,इसीलिए वह दिल्ली गई हैं। एसआईआर होगा और ममता बनर्जी इसे रोक नहीं सकती हैं।

–आईएएनएस

डीकेएम/


Show More
Back to top button