नोएडा में अंतर्राज्यीय मोबाइल स्नेचिंग व वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार


नोएडा, 2 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-1 की पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय मोबाइल फोन स्नेचिंग और दो-पहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी के 12 दो-पहिया वाहन तथा मोबाइल फोन स्नेचिंग की बिक्री से प्राप्त 2000 नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से थाना फेस-1 पुलिस टीम ने सेक्टर-8 नोएडा स्थित एफ-133 के सामने से अभियुक्त राहुल उर्फ राबर्ट और नावेद को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से 10 मोटरसाइकिल, 2 स्कूटी और स्नेचिंग के मोबाइल फोन बेचकर प्राप्त नकदी बरामद हुई है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे पहले से इलाके की रेकी करते थे और सुनसान जगहों पर खड़ी मोटरसाइकिल व स्कूटी चोरी करते थे। इन्हीं चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल कर वे राह चलते लोगों से मोबाइल फोन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी और स्नेचिंग से प्राप्त मोबाइल फोन वे राहगीरों को बेच देते थे और उससे मिली रकम को आपस में बांटकर अपने शौक और मौज-मस्ती में खर्च कर देते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त नोएडा, दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में दर्जनों चोरी और स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं। अभियुक्त राहुल उर्फ राबर्ट का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है, जिसके खिलाफ दिल्ली और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, स्नेचिंग, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं, अभियुक्त नावेद के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। बरामद किए गए दो-पहिया वाहनों में दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से चोरी की गई मोटरसाइकिल और स्कूटी शामिल हैं, जिनका संबंध पहले से दर्ज मुकदमों से जोड़ा जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें जल्द सुपुर्दगी की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना फेस-1 में बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों और चोरी के नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।

–आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी


Show More
Back to top button