डब्ल्यूपीएल: निर्णायक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी


वडोदरा, 1 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वॉरियर्स के खिलाफ बीसीए स्टेडियम में जारी विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 20वें मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है।

रविवार को टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। मुझे लगता है कि टीम काफी प्रोत्साहित है। बतौर कप्तान सच कहूं तो, इस टीम की कप्तानी करना आसान काम है, क्योंकि वे मुझे बहुत सहज महसूस करा रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि ऊर्जा, तीव्रता और जिस तरह से हम क्रिकेट खेलते हैं, वह वैसा ही रहेगा और इसमें कोई समझौता नहीं होगा। मेरे लिए हर मैच एक बहुत बड़ी सीख है। मुझे लगता है कि यह क्रिकेट करियर में मुझे बहुत ज्यादा मदद करेगा।”

दूसरी ओर, यूपी वॉरियर्स की कप्तान मेग लैनिंग ने कहा, “पिछले मुकाबले में हमारी शुरुआत ठीक-ठाक रही थी, लेकिन हम जीत के साथ उसे खत्म नहीं कर सके। उम्मीद है कि इस मुकाबले में हम पूरे 20 ओवर खेल पाएंगे। हम अभी भी मैच जीतना चाहते हैं। हम आज रात कुछ खिलाड़ियों को मौका भी देंगे, यह देखने के लिए कि उनमें क्या काबिलियत है। हम टीम में थोड़ी नई एनर्जी लाएंगे और उम्मीद है कि इससे हमें नतीजा मिलेगा। श्वेता, एमी जोंस और क्लो ट्रायोन की जगह शिप्रा, डॉटिन और नॉट को शामिल किया गया है। उम्मीद है, यही विनिंग कॉम्बिनेशन होगा।”

दिल्ली कैपिटल्स 7 में से 3 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर मौजूद है, जबकि यूपी वॉरियर्स ने 7 में से 5 मुकाबले गंवाए हैं। यह टीम सबसे निचले स्थान पर है।

आरसीबी 8 में से 6 मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर चुकी है, जबकि गुजरात जायंट्स ने 8 में से 5 मैच अपने नाम करते हुए एलिमिनेटर मुकाबले में जगह बना ली है। ऐसे में यह एक मुकाबला इन दोनों टीमों के साथ मुंबई इंडियंस के भाग्य का भी फैसला करेगा, जो 8 में से 3 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर मौजूद है।

यूपी वारियर्स की प्लेइंग इलेवन: मेग लैनिंग (कप्तान), सिमरन शेख, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), डिएंड्रा डॉटिन, चार्ली नॉट, सोफी एक्लेस्टोन, आशा शोभना जॉय, शिखा पांडे और क्रांति गौड़।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: शेफाली वर्मा, लिजेल ली (विकेटकीपर), लौरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिगेज (कप्तान), मारिजैन कप्प, चिनले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी और नंदनी शर्मा।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button