एटा: बजट पर जनता की मिली-जुली राय, व्यापारी और युवा खुश तो किसान नाराज

एटा, 1 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में केंद्रीय बजट को लेकर व्यापारियों, युवाओं और आम लोगों में मिला-जुला उत्साह देखने को मिला। व्यापारियों का कहना है कि इस बजट में व्यापार को बढ़ावा देने वाले प्रावधान किए गए हैं, जिससे आने वाले समय में कारोबार में सुधार की उम्मीद है।
सर्राफा व्यापारी शिवम वर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि इस बार का बजट पहले के मुकाबले अच्छा है। सरकार ने हर वर्ग को ध्यान में रखकर काम किया है। इस बार काफी चीजें सस्ती हो गई हैं। इससे आम जनता को काफी लाभ मिलने वाला है।
युवा विराट सक्सेना ने कहा कि सरकार ने इस बार युवाओं के इस्तेमाल में की जाने वाली वस्तुओं के दाम कम कर दिए हैं, जिससे हमें फायदा होने वाला है। छोटे और मध्यम व्यापारियों ने सरकार के प्रयासों को सकारात्मक बताया है। नशीली चीजों को महंगा किया गया है, जिससे युवाओं को इससे दूर रखा जा सके। यह सरकार की सबसे अच्छी पहल भी है। इस बजट के आधार पर कहा जा सकता है कि सरकार जनता के साथ खड़ी है।
सर्राफा व्यापारी मौसम जैन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि इस बार के बजट से व्यापारी खुश हैं। सरकार ने उन पर ध्यान दिया है। काफी चीजों को सस्ता किया है। जनता की उन सभी बातों का ध्यान रखा गया है जिनसे देश की उन्नति होती है।
व्यापारी सर्वेश नंदन वार्ष्णेय ने कहा कि युवाओं में बजट को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। मोबाइल फोन सस्ते होने और तकनीक से जुड़ी सुविधाओं के बढ़ने की उम्मीद से युवा वर्ग काफी खुश नजर आया। युवाओं का मानना है कि इससे पढ़ाई, रोजगार और डिजिटल कामकाज में आसानी होगी। महिलाओं के लिए किए गए प्रावधानों की भी सराहना की जा रही है।
किसान संजय कुमार ने कहा कि सरकार किसानों पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही है, जिसके चलते हम लोग परेशान हैं। किसानों में बजट को लेकर काफी नाराजगी है। पहले की कांग्रेस सरकार किसानों को ध्यान में रखकर बजट पेश करती थी, लेकिन जब से भाजपा की सरकार आई है, हम लोग परेशान हो गए हैं। किसानों की समस्या सुनने वाला कोई नहीं है।
–आईएएनएस
एसएके/वीसी