मध्‍य प्रदेश: छिंदवाड़ा में आम बजट को लेकर उत्साह, भाजपा नेताओं और नागरिकों ने बताया विकासोन्मुखी


छिंदवाड़ा, 1 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट को लेकर मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। बजट प्रस्तुति के मौके पर शहर के मानसरोवर कॉम्प्लेक्स में बड़ी स्क्रीन लगाकर लाइव प्रसारण किया गया, जहां भारतीय जनता पार्टी के नेताओं, नगर निगम महापौर और बड़ी संख्या में आम लोगों ने बजट को देखा और सुना।

बजट देखने के बाद छिंदवाड़ा नगर निगम के महापौर विक्रम आहके सहित उपस्थित लोगों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। नेताओं और नागरिकों ने बजट को देश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और इसे आमजन के हितों से जुड़ा हुआ करार दिया।

भाजपा नेता विजय पाण्डे ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपना नौवां केंद्रीय बजट पेश किया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में इस बजट में कई अहम प्रावधान किए गए हैं। बजट में छोटे तबके से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक सभी वर्गों की जरूरतों का ध्यान रखा गया है और यह हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला बजट है। विजय पाण्डे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस बजट का स्वागत किया जाता है।

स्थानीय उद्योगपति अजय सक्सेना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया यह बजट मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के लिए भी उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि बजट में हर वर्ग के लोगों का ख्याल रखा गया है और इससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

वहीं एक अन्य कारोबारी ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया गया यह केंद्रीय बजट प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह बजट योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने वाला है और इसमें सभी सेक्टरों के लिए कुछ न कुछ विशेष प्रावधान जरूर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने वाला है और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर फोकस करते हुए देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। कारोबारी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि आम जनता के लिए हितकारी योजनाओं के जरिए बजट में बड़ी राहत दी गई है।

–आईएएनएस

एएसएच/एएस


Show More
Back to top button