बसंत पंचमी पर फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर भव्य शाही स्नान, शोभायात्रा भी निकली

फर्रुखाबाद, 23 जनवरी (आईएएनएस)। फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर माघ मेला लगा है। शुक्रवार को बसंत पंचमी के महापर्व पर भव्य आयोजन हुए। जूना अखाड़ा के नागा साधुओं ने महंत सत्य गिरी महाराज के नेतृत्व में शाही स्नान यात्रा निकाली।
इसका मेला व्यवस्थापकों ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद यात्रा गंगा किनारे से गुजरती हुई छठी सीढ़ी पर पहुंची, जहां नागा साधुओं ने शाही स्नान किया। स्नान के बाद यात्रा जूना अखाड़े में लौटी और संपन्न हुई। यात्रा के दौरान साधुओं ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए और बसंत का उत्साह से स्वागत किया।
यात्रा में नागा साधुओं ने विभिन्न प्रकार के करतब दिखाए, जिन्हें देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। यात्रा में सबसे आगे घोड़े थे। उनके पीछे साधु-संतों के साथ भगवान और गुरु की मूर्तियों वाली पालकियां थीं।
वैष्णव संप्रदाय के संतों ने भी पहली सीढ़ी स्थित अखाड़ा क्षेत्र से भव्य शोभायात्रा निकाली। भोलेपुर हनुमान मंदिर के महंत और वैष्णव संप्रदाय के अध्यक्ष मोहनदास महाराज की अगुवाई में यात्रा श्रीपंच रामानंदी निर्मोही अखाड़ा से शुरू हुई। महंत पैदल चल रहे थे। सबसे आगे छोटे बच्चे ध्वज-पताकाएं लेकर थे। उनके पीछे ढोल बजाते संत थे और फिर करतब दिखाने वाले साधु। साधुओं ने लाठी, भाला, तलवार और बरछी जैसे अस्त्र-शस्त्रों से अद्भुत प्रदर्शन किए। यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
यात्रा मेला बाजार से गुजरती हुई प्रशासनिक कार्यालय क्षेत्र में पहुंची, जहां मेला अधिकारी ने साधुओं को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस यात्रा में ठाकुर जी की पालकी भी शामिल थी।
अखिल भारतीय वैष्णव संप्रदाय और अखिल भारतीय श्री पंच तेरह भाई त्यागी चतुर्थ संप्रदाय के संतों ने भी अपनी-अपनी यात्राएं निकालीं। सभी यात्राएं गंगा घाट पर पहुंचीं। यहां साधु-संतों ने गंगा स्नान किया और निशानों की पूजा-अर्चना की। इसके बाद शाही स्नान संपन्न हुआ।
श्रद्धालुओं ने संतों की आरती उतारी और उनका स्वागत किया। यात्रा परिक्रमा मार्ग से गुजरती हुई छठी सीढ़ी पर स्थित जूना अखाड़ा होते हुए वापस अखाड़े में समाप्त हुई। अखाड़े में प्रसाद वितरण के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। मोहनदास महाराज ने बताया कि इस बार बड़ी संख्या में साधु-संत यहां पहुंचे हैं। मेला आस्था, भक्ति और संस्कृति का अनुपम संगम बना हुआ है।
–आईएएनएस
एसएचके/एबीएम