बिहार: रामकृपाल यादव ने राजद पर परिवारवाद का लगाया आरोप, बोले- अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू परिवार से ही होगा

पटना, 22 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा नेता रामकृपाल यादव ने गुरुवार को प्रदेश की मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधा। उन्होंने तेजस्वी यादव को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की संभावनाओं पर हमला बोला और परिवारवाद का गंभीर आरोप लगाया।
रामकृपाल यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “अगले कुछ दिनों में राजद की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक होने वाली है, जिसमें संभावना जताई जा रही है कि विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को नई जिम्मेदारी दी जाएगी। दो प्रमुख पार्टियों भाजपा और राजद को देख लीजिए। भाजपा में कोई एक आदमी दो पद नहीं रख सकता है। जेपी नड्डा के बाद पार्टी के नए अध्यक्ष की जिम्मेदारी नितिन नवीन को मिली है। भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष ऐसे व्यक्ति को बनाया गया, जो साधारण परिवार का है। कोई सोच भी नहीं सकता था कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसी बड़ी भूमिका के लिए पटना के 45 साल के एक नौजवान को चुना जाएगा। ऐसा सिर्फ भाजपा में ही हो सकता है।”
उन्होंने कहा, “दूसरी तरफ राष्ट्रीय जनता दल में लालू यादव बुजुर्ग हो गए हैं और बीमार हैं। ऐसे में उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद में बदलाव होना तय है, जो अगले कुछ दिनों में हो जाएगा। क्या राजद के पास इतनी हिम्मत है कि वे अपने ही किसी यादव समाज से ही किसी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना देंगे, जो उनके परिवार से अलग हो?”
रामकृपाल यादव ने कहा, “उनके यहां एक परिवार के अलावा किसी और को पार्टी का अध्यक्ष नहीं बनाया जाएगा। लालू यादव जब इस पद को नहीं संभाल सकते हैं, तो अपने पुत्र को ही इसकी जिम्मेदारी सौंप रहे हैं। वो भी बड़े वाले पुत्र को नहीं, बल्कि छोटे वाले पुत्र को दे रहे हैं। ऐसे में यह सभी को पता है। वे नेता प्रतिपक्ष हैं। वे ही उपमुख्यमंत्री बने थे। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष भी वही बनेंगे।”
उन्होंने कहा, “ये उन लोगों का अंदरूनी पारिवारिक मामला है। इसमें क्या खेल हो रहा है, उसे हम नहीं जानते हैं। हम सब कुछ मीडिया के माध्यम से ही पहचान रहे हैं। उनके परिवार से हमारा कोई संपर्क नहीं है। यह उनके घर का मामला है और दूसरे के घर और आंगन में नहीं देखना चाहिए। यह उचित बात नहीं है।”
–आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी