रुपए की गिरावट अर्थव्यवस्था की विफलता का सबूत: अखिलेश यादव


लखनऊ, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर स्तर पर पहुंचने को भाजपा सरकार की आर्थिक विफलता का सीधा सबूत बताया है। उन्होंने कहा कि रुपए की ऐतिहासिक गिरावट यह स्पष्ट करती है कि अर्थव्यवस्था को लेकर सरकार द्वारा पेश किए जा रहे आंकड़े और दावे पूरी तरह झूठे और मनगढ़ंत हैं।

अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि भाजपा इस सच्चाई से इनकार नहीं कर सकती कि रुपए की गिरावट बेहद कमजोर और नाकाम सरकार की देन है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रुपया गिरने और सरकार के बीच का अनूठा आर्थिक सिद्धांत भाजपा की ही देन है, जिसके दुष्परिणाम आज पूरा देश भुगत रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार गिरता जा रहा है और गिरावट के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं। महंगाई बेलगाम है और सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से अर्थव्यवस्था तबाह हो रही है। किसान, नौजवान और व्यापारी, हर वर्ग परेशान है। भाजपा के झूठे वादों की पोल खुल चुकी है। भाजपा जाए, तो रुपया मजबूत हो जाए।

भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और लूट को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि हर तरह के अवैध और नकली कारोबार फल-फूल रहे हैं। सरकार ने लोगों का जीवन संकट में डाल दिया है और माफियाओं के अवैध धंधों को संरक्षण दे रही है।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा और माफिया एक-दूसरे के पूरक बन चुके हैं। हर जिले में माफिया खड़े किए गए हैं, जिनसे आम लोग दहशत में हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों में भी भय का माहौल है। सत्ता के संरक्षण में कहीं भू-माफियाओं का आतंक है तो कहीं कफ सिरप माफिया जनता की जान से खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएसके


Show More
Back to top button