भाजपा चुनाव जीतने के लिए मशीनों का कर रही दुरुपयोग: शिवपाल यादव

लखनऊ, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव रविवार को कानपुर में जाजमऊ स्थित सपा विधायक नसीम सोलंकी के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जीत के लिए बेइमानी और मशीनों का दुरुपयोग कर रही है।
शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा एसआईआर के जरिए लोगों का नाम मतदाता सूची से काटने का काम कर रही है। इसके लिए लोगों को जागरूक होना पड़ेगा, हम लोगों का भी प्रयास रहता है कि लोगों के नाम न काटे जाएं, जिससे चुनाव में मतदान के समय परेशानी न हो। हम लोगों का पूरा प्रयास है कि लोगों के नाम जोड़े जाएं।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के लोग जनता को जागरूक कर रहे हैं, जिससे भाजपा गलत लोगों का नाम न जोड़ पाए। जो भी 18 साल की आयु पूरी कर चुका है, वह अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य डलवा ले, जिससे चुनाव के समय सही सरकार का चुनाव करने में उसकी भी भागीदारी रहे। भाजपा के लिए मतदाता सूची में बेईमानी कर रहे हैं, वह सफल नहीं हो पाएंगे।
शिवपाल यादव ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा का राज खत्म होने वाला है। जनता भाजपा से परेशान हो गई है, इसलिए समाजवादी पार्टी के साथ आ गई है। हम लोगों की तैयारी पूरी है। हमें भाजपा को हटाना है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि हर पार्टी अपना-अपना काम कर रही है। इसमें किसी को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अयोध्या में राम मंदिर में कुछ निर्माण कार्य बाकी होने पर शिवपाल यादव ने कहा कि अब तो वहां मंदिर बन गया है, लेकिन ये भाजपा की पुरानी आदत है कि वह जनता को भटकाने का काम करती है। ये लोग विकास के नाम पर कुछ काम नहीं करते हैं, बल्कि मंदिर-मस्जिद के नाम पर ही देश को बांटते रहते हैं। इन्होंने चुनाव के दौरान जो भी वादे किए थे, उनको भी पूरा नहीं किया है।
–आईएएनएस
एसएके/वीसी