अयोध्या: 13 दिसंबर को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक, निर्माण कार्यों और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन


अयोध्या, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक अहम बैठक 13 दिसंबर को मणिराम छावनी में आयोजित की जाएगी। यह बैठक अपराह्न 2 बजे से शुरू होगी। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

इस बैठक के दौरान राम मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों और हाल ही में हुए कार्यक्रमों की समीक्षा को लेकर यह बैठक विशेष महत्व रखती है। बैठक में ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारी और न्यासी सम्मिलित होंगे। इनमें महासचिव चंपत राय, निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी, शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती महाराज, जगद्गुरु मध्वाचार्य विश्वप्रसन्नतीर्थ, युगपुरुष स्वामी परमानंद, महंत दीनेंद्र दास और डॉ. अनिल मिश्र शामिल हैं।

बैठक में विशेष रुप से दिनेश चंद्र और गोपाल राव के साथ-साथ केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि और अयोध्या के जिलाधिकारी सहित अन्य सदस्य भी बैठक में शामिल हो सकते हैं।

गौरतलब है कि ट्रस्ट की पिछली बैठक 9 सितंबर को हुई थी। इसके बाद यह पहली महत्वपूर्व बैठक होगी, जिसमें मंदिर परिसर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, हाल ही में संपन्न हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों सहित राम जन्मभूमि परिसर में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों को लेकर भी व्यापक चर्चा होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में राम मंदिर निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।

बता दें कि 25 नवंबर को अभिजीत मुहूर्त के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा का औपचारिक ध्वजारोहण संपन्न हुआ। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा था, “राम मंदिर का गौरवशाली ध्वज, विकसित भारत के नवजागरण की संस्थापना है। ये ध्वज नीति और न्याय का प्रतीक हो, ये ध्वज सुशासन से समृद्धि का पथ प्रदर्शक हो और ये ध्वज विकसित भारत की ऊर्जा बनकर इसी रूप में सदा आरोहित रहे भगवान श्री राम से यही कामना है। जय जय सियाराम।”

–आईएएनएस

पीएसके


Show More
Back to top button