खुशकिस्मत हूं सलीम खान मेरे जीवन का हिस्सा हैं, लूलिया वंतूर ने शेयर की अपनी फीलिंग

मुंबई, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड में कई विदेशी कलाकारों ने अपने सपनों को सच किया। इनमें से कुछ ऐसे भी कलाकार हैं, जिन्होंने सिर्फ करियर के लिए नहीं, बल्कि दिल से भारत को अपना लिया। ऐसी ही कहानी है रोमानियाई अभिनेत्री और गायिका लूलिया वंतूर की। उन्होंने भारतीय सिनेमा में अपने हुनर को साबित किया।
लूलिया आज बॉलीवुड परिवार का हिस्सा मानी जाती हैं। उनका सलमान खान और उनके परिवार के साथ गहरा रिश्ता है।
लूलिया वंतूर ने आईएएनएस से बातचीत में अपने बॉलीवुड सफर के बारे में बात कीं। उन्होंने सलमान खान के पिता और मशहूर लेखक सलीम खान को लेकर भावनाएं व्यक्त कीं।
लूलिया ने कहा, ”सलीम खान बहुत अच्छे इंसान हैं। उनके साथ बिताया गया हर पल सीखने जैसा होता है। मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि सलीम जी मेरे जीवन का हिस्सा हैं। खासकर तब जब मैं अपने परिवार से दूर हूं, उनका समर्थन मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।”
लूलिया वंतूर ने कहा, ”मैं बचपन से हिंदी फिल्में देख रही हूं, जिसके चलते मेरा झुकाव भारतीय सिनेमा के प्रति होता चला गया। रोमानिया में मैंने राज कपूर की फिल्में भी थिएटर में देखी। उन फिल्मों ने बॉलीवुड के प्रति मेरी समझ और प्यार को गहरा किया। बॉलीवुड मेरे लिए सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, बल्कि एक घर की तरह है।”
उन्होंने कहा, ”रोमानिया में करियर सही चल रहा था। मैंने वहां ‘डांसिंग विद द स्टार्स’ होस्ट किया। अपना न्यूज जर्नल बनाया और कई उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन फिर भी मैंने भारत आने का फैसला किया। एक नए देश में आने का मतलब होता है अपने आरामदेह जीवन और पहचान से दूर होना, अपने पुराने टाइटल और लेबल्स को छोड़कर खुद को फिर से पहचानना।”
उन्होंने बताया कि भारत आने के बाद उन्होंने अपने करियर में एक नया मोड़ पाया। उन्होंने गाना शुरू किया और दूसरी भाषा में अपने हुनर को परखा। स्टेज पर परफॉर्म करना और गाने रिकॉर्ड करना उनके लिए बिल्कुल नई दुनिया थी। उन्होंने कहा, ”यह अनुभव मेरे लिए खास रहा। मैंने महसूस किया कि गाना मेरा असली पैशन है। मेरे लिए यह बदलाव केवल करियर का नहीं बल्कि आत्म-खोज का भी सफर रहा।”
–आईएएनएस
पीके/वीसी