एसआईआर प्रक्रिया में सही तरीके से चल रहा काम: स्वतंत्र देव सिंह


अयोध्या, 5 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को अयोध्‍या धाम में हनुमानगढ़ी में हनुमान जी के दर्शन किए। इस दौरान उन्‍होंने मीडिया से बातचीत की। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम और हनुमानगढ़ी के दर्शन करके जीवन धन्य हो जाता है। उन्होंने एसआईआर को लेकर कहा कि जमीनी स्तर पर वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का काम सही तरीके से चल रहा है।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम और हनुमानगढ़ी के दर्शन करके जीवन धन्य हो जाता है। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि देश और राज्य के सभी नागरिक खुश, समृद्ध और संतुष्ट रहें। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लोग खूब तरक्की करें और खुशहाल रहें। हमने भगवान से यही प्रार्थना की है।

एसआईआर पर उन्होंने कहा कि इसका काम पूरी लगन से चल रहा है और सही प्रक्रिया का पालन करते हुए आगे बढ़ रहा है। इसमें सभी बीएलओ शामिल हैं और जमीनी स्तर पर वोटर लिस्ट का काम सही तरीके से चल रहा है। सभी पार्टियों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। काम ईमानदारी और निष्ठा के साथ किया जा रहा है। कुछ लोग झूठे प्रचार से अफवाहें फैलाते हैं, लेकिन कई जगहों पर रिवीजन पूरा हो गया है और कई बूथों पर भी प्रक्रिया पूरी हो गई है। सब कुछ पारदर्शिता और ईमानदारी से किया जा रहा है।

कफ सिरप को लेकर समाजवादी पार्टी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। देश में कानून का राज है। समाजवादी पार्टी के गुंडाराज को जनता ने देखा है। सपा सरकार में लूट, डकैती और भ्रष्‍टाचार चरम पर था। जनता सपा के नाम से ही दहशत में आ जाती थी। शाम के समय में लोग घरों से बाहर नहीं निकलते थे। सपा और कांग्रेस ने देश को लूट लिया है। पीएम मोदी के नेतृत्‍व में आतंकवाद और नक्‍सलवाद समाप्‍त हो रहे हैं। प्रशासन जनकल्‍याणकारी योजनाएं चला रही है और जनता खुश है।

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सिंचाई विभाग ने तालाबों और नहरों की सफाई का काम लगभग पूरा कर लिया है। किसानों तक सिंचाई की सुविधा पहुंचाने के लिए पूरे राज्य में काम चल रहा है। किसानों तक पानी पहुंचे, यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। किसानों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए कर्मचारी और अधिकारी ज़मीन पर मिलकर काम कर रहे हैं।

–आईएएनएस

एएसएच/डीएससी


Show More
Back to top button