रिटायर्ड पुलिस अधिकारी हनुमंथप्पा एचवाई थुराई ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस


दावणगेरे, 29 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के दावणगेरे में एक आईपीएस अधिकारी के सुसाइड की खबर सामने आई है। रिटायर्ड पुलिस उपाधीक्षक हनुमंथप्पा एचवाई थुराई (70) ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया।

बताया जा रहा है कि उन्होंने घर में मौजूद बैरल गन से खुद को गोली मारी है। घटना के समय वह घर में अकेले थे। सूचना मिलते ही केटीजे नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर की जांच की। साथ ही एसओसीओ टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और बॉडी का मुआयना किया।

मिली जानकारी के मुताबिक, हनुमंथप्पा लंबे समय से मेंटल डिप्रेशन से जूझ रहे थे। उनके नजदीकी लोगों का कहना है कि कुछ साल पहले उनकी पत्नी की एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगे थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी की मृत्यु के बाद से भावनात्मक रूप से अकेले पड़ गए थे और इसी तनाव ने धीरे-धीरे गंभीर रूप ले लिया।

घटना शनिवार की शाम की बताई जा रही है, जब उनके बेटे ने गोली चलने की आवाज सुनी। वह भागकर कमरे में पहुंचा, तब तक हनुमंथप्पा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

हनुमंथप्पा मूलरूप से कोप्पल जिले के कुश्ताग तालुक के रहने वाले थे। उन्होंने अपनी पुलिस सेवा की शुरुआत बेल्लारी में प्रोबेशन पीरियड से की थी। अपने करियर के दौरान उन्होंने हड़प्पनहल्ली, दावणगेरे, कुडलिगी, चित्रदुर्ग सहित कई जिलों में सेवा दी। बाद में उन्होंने कलबुर्गी सीआरसी सेल में भी काम किया और फिर सेवानिवृत्त हुए।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उन्होंने सुसाइड नोट छोड़ा है। पुलिस ने मामला दर्ज किया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया।

इससे पहले हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई. पूर्ण कुमार ने भी 7 अक्टूबर को आत्महत्या कर ली थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। उन्होंने कई सीनियर अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button