कारगिल युद्ध के नायक कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव का जन्मदिन मनाया गया

गाजियाबाद। पावन चिंतन धारा आश्रम में बुधवार को देश के वीर योद्धा, कारगिल के नायक एवं परमवीर चक्र विजेता कैप्टेन योगेंद्र सिंह यादव का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में गोली लगने और हाथ टूटने के बावजूद दुश्मनों से लोहा लेने वाले भारत मां के वीर सपूत योगेंद्र ने अपने जीवन की इस घटना का मार्मिक वृतांत सुनाया कि कैसे मात्र 7 सैनिकों ने पाकिस्तान के 150 सिपाहियों से लड़ाई लड़ी। जब गोली लगने पर भी उन्होंने उफ्फ तक नहीं की और बहुत बुरी तरह से ज़ख्मी होने पर भी ग्रेनेड से दुश्मनों पर हमला कर उनको भगाया तथा टाइगर हिल पर अपने देश का तिरंगा लहराया।

सभी की आंखें हुयीं नम

इस घटनाक्रम को सुनकर सभागार में उपस्थित सभी सदस्य भावुक हो गए और आंखें नम हो गईं। फिर श्रीगुरु पवन सिन्हा ने इस योद्धा के प्रति स्वरचित पंक्तियों से अपने भाव प्रकट किया और युवाओं को ऐसे जीवंत उदाहरणों से लेकर देश के लिए जीने का संदेश दिया। साथ ही कवि श्योगेंद्र शर्मा, राजेश चेतन, डॉ. अर्जुन सिसोदिया एवं मोहित शौर ने कविता पाठ के माध्यम से सभी के भीतर देशभक्ति का उत्साह भर दिया। महान देशभक्त का पूरे आश्रम परिवार ने स्वागत किया और अपनी-अपनी भेंट देकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राष्ट्रीय कवि संगम के अध्यक्ष जगदीश मित्तल, राष्ट्रीय सैनिक संस्था के संस्थापक कर्नल (रि.) टीपी त्यागी, सतत सेवा संस्थान के सचिव चंद्रशेखर, गुरु मां डॉ. कविता अस्थाना सहित दिल्ली, मेरठ, हापुड़, जयपुर आदि शहरों से आए लोग उपस्थित थे।

Show More
Back to top button