झारखंड विधानसभा ने राज सिन्हा को चुना वर्ष 2025 का ‘उत्कृष्ट विधायक’, 22 नवंबर को मिलेगा सम्मान


धनबाद, 19 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा की ओर से प्रतिवर्ष दिया जाने वाला ‘उत्कृष्ट विधायक’ का सम्मान इस बार धनबाद भाजपा के विधायक राज सिन्हा को मिलेगा। विधानसभा की ओर से गठित विशेष चयन समिति ने इसकी औपचारिक घोषणा की है। आगामी 22 नवंबर को झारखंड विधानसभा के रजत जयंती समारोह के दौरान उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा।

राज सिन्हा लगातार तीन टर्म धनबाद के विधायक चुने गए हैं। हर वर्ष यह सम्मान उस जनप्रतिनिधि को दिया जाता है, जिसने सदन में सक्रिय उपस्थिति, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी पहल और विधायी कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। विधायक सिन्हा ने अपने कार्यकाल में विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया है और यही उनके चयन का आधार भी बना।

विधानसभा के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें शहीदों के परिजनों और नवंबर 2023 से अब तक क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल और तीरंदाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मान मिलेगा। समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इस सत्र को संबोधित करेंगे और विधानसभा के उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित करेंगे।

विधानसभा रजत जयंती समारोह को लेकर स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की। यह कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित होगा। पहला सत्र ‘सम्मान सत्र’ के रूप में रखा गया है, जबकि दूसरा सत्र सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को समर्पित रहेगा। इसमें प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक रूप कुमार राठौर प्रस्तुति देंगे। हास्य कवि दिनेश बावरा अपनी कविताओं से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। शाम होते ही विधानसभा परिसर रोशनी, संगीत और सांस्कृतिक रंगों से सरोबार हो उठेगा। समारोह में वर्तमान और पूर्व विधायक, राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।

–आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी


Show More
Back to top button