एक बार फिर बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे नीतीश कुमार: उपेंद्र कुशवाहा


पटना, 18 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने दावा किया कि एक बार फिर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की 202 सीट जीत के बाद नई सरकार बनाने को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। एनडीए में शामिल दलों के नेताओं के अनुसार, जल्द ही शपथ ग्रहण की तिथि भी सामने आएगी।

आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने पटना में आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हम लोगों ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। स्वाभाविक है कि अगली एनडीए सरकार का नेतृत्व भी नीतीश कुमार ही करेंगे।

कुशवाहा ने कहा कि चुनाव से पहले ही हमने यह तय कर लिया था कि नीतीश कुमार चुनाव की कमान संभालेंगे और जीत के बाद बिहार का नेतृत्व भी वही करेंगे। इसमें कोई संशय नहीं है, अगले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे।

उन्होंने एनडीए की जीत पर कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व की जीत है। हर वर्ग ने एनडीए के पक्ष में मतदान किया। पहले से ही इस तरह की जीत की संभावना जताई जा रही थी और जनता का रुझान भी साफ दिख रहा था।

बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार के बाद चुनाव आयोग पर उठाए जा रहे सवालों पर कुशवाहा ने कहा कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे, जब कुछ कहने और सुनने के लिए नहीं बचा तो विपक्षी दल हार की हताशा में कुछ भी कह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इनकी जीत की दूर-दूर तक कोई गुंजाइश ही नहीं थी। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम ने एक चीज साफ कर दी है कि इनका रवैया आज भी नहीं बदला है, इसीलिए ये परिणाम भुगतने पड़े।

कुशवाहा ने कहा कि जनता हमारे साथ है और उसने अपना फैसला सुना दिया है। बिहार में विकास करने वाली सरकार जल्द ही शपथ लेगी और तेजी से विकास के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

–आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी


Show More
Back to top button